हनुमानगढ़. बलात्कार के प्रयास के आरोपियों के साथ पुलिस थाने में रंग खेलते हुए डीजे की धुन पर नाचने के प्रकरण में पल्लू थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को आईजी बीकानेर रैंज ओमप्रकाश ने निलम्बित कर दिया है।
बलात्कार के प्रयास के आरोपियों संग थाने में डीजे की धुन पर नाचने वाले थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मी निलम्बित
- बीकानेर रेंज आईजी ने करवाई थी प्राथमिक जांच, अब आईजी ने जारी किया निलम्बन आदेश
- होली पर थाने में नाचे थे आरोपी पुलिस के संग, पहले तीन को एसपी ने किया था लाइन हाजिर
हनुमानगढ़. बलात्कार के प्रयास के आरोपियों के साथ पुलिस थाने में रंग खेलते हुए डीजे की धुन पर नाचने के प्रकरण में पल्लू थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को आईजी बीकानेर रैंज ओमप्रकाश ने निलम्बित कर दिया है। आईजी ने इस प्रकरण की प्राथमिक जांच कराई थी। इसमें कर्तव्य के प्रति लापरवाही व अनुशासनहीनता पाए जाने पर आईजी ओमप्रकाश ने शुक्रवार को आदेश जारी कर थाना प्रभारी समेत नौ पुलिस कर्मियों को निलम्बित कर दिया। निलम्बित किए गए पुलिसकर्मियों में पल्लू थाना प्रभारी एसआई अमर सिंह, एएसआई मुबारिक अली, हैड कांस्टेबल हंसराज, हैड कांस्टेबल रविन्द्र कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश, कांस्टेबल रणधीर, कांस्टेबल श्रवण और कांस्टेबल रामस्वरूप शामिल है। निलम्बित कार्मिकों का मुख्यालय रिजर्व पुलिस लाइन जिला चूरू किया गया है।
पहले तीन लाइन हाजिर
इस प्रकरण में पहले तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था। दरअसल, मुख्यमंत्री ने वीसी के दौरान आरोपियों के साथ पुलिसकर्मियों के होली मनाने की घटना को गंभीरता से लिया। उन सभी पुलिस कार्मिकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जिन्हें आरोपी के संबंध में जानकारी थी। आईजी एवं हनुमानगढ़ एसपी को इस प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री से वीसी में मिले निर्देश के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने मामला सामने आने के आठ दिन बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना पल्लू के हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल चंद्रप्रकाश एवं कांस्टेबल अशोक कुमार को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया था। अब इनको निलम्बित कर दिया गया है।
क्या था प्रकरण
गौरतलब है कि होली के बाद 24 मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। उसमें विभिन्न धाराओं में पल्लू थाने में दर्ज हुए मामले के आरोपियों के साथ पल्लूू थाना प्रभारी सहित पुलिस जवान होली का जश्न मनाते एवं डीजे पर थिरकते दिखाई दिए। वायरल वीडिया में पल्लू थाना प्रभारी अमर सिंह चार मार्च 2022 को दर्ज हुए दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपी राजू ढुकिया व गोपीराम नाई के साथ स्टाफ सहित थाने में ही होली खेलते नजर आए। 25 मार्च को समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के बाद बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश की ओर से इस शिकायत की प्राथमिक जांच करवाई। ज्ञात रहे कि राजू ढूकिया व गोपीराम नाई पर पल्लू पुलिस थाने में इस्तगासे के जरिए केलनिया निवासी एक महिला ने चार मार्च को मामला दर्ज करवाया था। इसमें नामजद राजू ढूकिया व गोपीराम नाई पर धारा 323, 341, 354, 504, 509 व 376/511 के तहत मामला दर्ज किया गया था।