https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन की बैठक जिला कलक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में केन्द्रीय विद्यालय परिसर सभागार में हुई। इसमें केन्द्रीय विद्यालय को दो सेक्शन का विद्यालय बनाने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के नए सेशन में अब पहले से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश
-केंद्रीय विद्यालय को दो सेक्शन का विद्यालय बनाने के प्रस्ताव को विद्यालय प्रबंधन समिति ने दी मंजूरी
-मुख्यालय से मंजूरी मिलने पर पहले से दोगुने विद्यार्थियों का हो सकेगा एडमिशन
हनुमानगढ़. केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन की बैठक जिला कलक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में केन्द्रीय विद्यालय परिसर सभागार में हुई। इसमें केन्द्रीय विद्यालय को दो सेक्शन का विद्यालय बनाने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा स्कूल परिसर में चिल्ड्रन पार्क, लैब, फर्नीचर खरीद समेत अन्य कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय नई दिल्ली से प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। लिहाजा अगले साल अप्रैल से ही केन्द्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ में दो सेशन हो जाएंगे। इससे हनुमानगढ़ जिले के लोगों को फायदा मिलेगा। नए शिक्षा सत्र से पहली से नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा में अब प्रत्येक कक्षा में 40-40 बच्चे और एडमिशन ले सकेंगे।केन्द्रीय विद्यालय के प्रिसिंपल बीएल जे सारण ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय में वर्तमान में पहली से दसवीं कक्षा में कुल 486 स्टूडेंट अध्यनरत हैं। दो सेशन होने के बाद यहां करीब 900 स्टूडेंट पढ़ सकेंगे। केवल दसवीं कक्षा में नया एडमिशन नहीं होगा। पहली से नौवीं और 11 वीं कक्षा में नए एडमिशन हो सकेंगे। प्रिसिंपल ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय की वर्तमान बिल्डिंग में दो सेशन को संचालित करने को लेकर पर्याप्त जगह और कमरे उपलब्ध हैं। विद्यालय में 24 कक्षा कक्ष समेत कुल 42 कक्ष उपलब्ध हैं। दो सेशन होने के बाद टीचिंग स्टॉफ को भी बढ़ा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली से स्कूल को दो सेशन के प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है। अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। बैठक में 11 वीं कक्षा में विज्ञान और कला संकाय खोलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। स्कूल प्रिसिंपल सारण ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में स्कूल में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और ज्योग्राफी लैब के लिए पांच लाख, चिल्ड्रन पार्क व ओपन जिम के लिए सात लाख, खेल विभाग में आधारभूत ढांचे के विकास व आवश्यक सामान खरीदने के लिए डेढ़ लाख, फर्नीचर, अलमीरा, टेबल इत्यादि खरीद को लेकर आठ लाख 30 हजार रुपए के प्रस्तावों को भी अनुमोदित करते हुए मंजूरी दी गई। डीईओ माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता सुभाष बंसल, इनकम टैक्स से संजय अरोड़ा, कार्टूनिस्ट मस्तान सिंह, व्याख्याता अंजू नागपाल, प्रमोद चौधरी आदि मौजूद रहे।