हनुमानगढ़

पानी पिलाने का बहाना कर बातों में उलझाया और छीन भागे महिला के कंगन व अंगूठी

टाउन में प्राकृतिक चिकित्सालय के पास वारदात, अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, खंगाली जा रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज

2 min read
हनुमानगढ़ स्थित टाउन पुलिस स्टेशन।

हनुमानगढ़. टाउन में राजकीय प्राकृतिक चिकित्सालय के पास दिनदहाड़े दो अज्ञात युवक महिला के सोने के कंगन और अंगूठी छीनकर फरार हो गए। आरोपियों ने पानी पिलाने का बहाना कर महिलाओं को बातों में लगाया और फिर वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात के बाद नागरिकों में चिंता है। सूचना मिलने पर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची तथा मुआयना किया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस संबंध में अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सरोज गोयल (60) पत्नी प्रदीप गोयल निवासी वार्ड 21, नजदीक प्राकृतिक चिकित्सालय टाउन ने रिपोर्ट दी कि मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे वह अपने पुत्र की गारमेंट्स की दुकान से घर लौट रही थी। रास्ते में दो युवक उसके पीछे-पीछे आने लगे। कुछ दूर चलने के बाद दोनों युवकों ने पानी पिलाने की बात कही। मानवता के नाते घर के पास स्थित दुकान से पानी खरीदकर उन्हें पिला दिया। इसी दौरान दोनों युवक उसके हाथों में पहने सोने के कंगनों को देखा और पूछने लगे कि क्या यह सोने के हैं। उसने टालने के उद्देश्य से कहा कि कंगन सोने के नहीं हैं। लेकिन दोनों युवक लगातार कंगन दिखाने की जिद करने लगे। मना करने पर दोनों युवकों ने अचानक जबरन उसके दोनों हाथों से सोने के कंगन उतार लिए तथा उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी पुराने पोस्ट ऑफिस की तरफ भाग गए। महिला के अनुसार आरोपियों में से एक युवक ने काले रंग की पैंट और सफेद शर्ट पहन रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की जांच एएसआई अमीचंद को सौंपी गई है। जांच अधिकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सूने घर में घुसे चोर, जेवरात व नकदी पर हाथ साफ

हनुमानगढ़. टाउन की मीरा कॉलोनी स्थित सूने घर में चोर घुस गए तथा हजारों की नकदी, जेवरात वगैरह चुराकर ले गए। इस संबंध में टाउन थाने में अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार वार्ड 34, मीरा कॉलोनी निवासी राजविन्द्र सिंह पुत्र जीत सिंह ने रिपोर्ट दी कि वह आठ फरवरी की सुबह मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित अनूपगढ़ रिश्तेदारी में गया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे पड़ोसी का फोन आया कि मकान के ताले टूटे हुए हैं और दरवाजा खुला है। दोपहर को घर पहुंचा तो देखा कि ताले टूटे हुए थे। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। उसमें रखे करीब 40 तोला चांदी के जेवरात, दो ग्राम सोने का लॉकेट, एक ग्राम की सोने की बाली तथा 10 से 15 हजार रुपए की नकदी अज्ञात जने चुराकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई वीर सिंह को सौंपी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयासों में पुलिस जुटी हुई है।

Updated on:
11 Feb 2026 01:35 pm
Published on:
11 Feb 2026 01:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर