
दुग्ध उत्पादक संघ, हनुमानगढ़ में गाड़ी लगवाने के लिए 40 हजार की घूस लेते ऑपरेटर गिरफ्तार
- 50 हजार रुपए मांगे, 40 में सौदा तय
- आरोपी ने एमडी के नाम पर मांगी घूस
हनुमानगढ़. दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड में गाड़ी लगवाने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते डेयरी के कम्प्यूटर ऑपरेटर को एसीबी हनुमानगढ़ ने मंगलवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने डेयरी एमडी के नाम पर घूस की मांग की थी। एसीबी बुधवार को उसे विशिष्ट न्यायालय एसीबी श्रीगंगानगर में पेश करेगी। एसीबी हनुमानगढ़ के निरीक्षक सुभाषचंद्र ढिल के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
एसीबी के अनुसार परिवादी आमोद सिहाग (27) पुत्र हरिराम सिहाग निवासी मक्कासर ने शिकायत दी थी कि वह दी श्रीगंगानगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड हनुमानगढ़ जंक्शन में बोलेरो कैम्पर गाड़ी लगवाना चाहता है। इसके लिए टैंडर करने के एवज में एमडी के लिए आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर योगेश पारीक (52) पुत्र कृष्ण कुमार निवासी मेहरवाला, टिब्बी हाल 9/27 हाऊसिंग बोर्ड जंक्शन ने 50 हजार रुपए घूस की मांग की। इसके बाद 26 अप्रेल को शिकायत का सत्यापन कराया गया। इसमें 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के तथ्य रिकॉर्ड में आए। इसके बाद टै्रप की कार्रवाई की तैयारी की गई। फिर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड हनुमानगढ़ जंक्शन में मंगलवार को परिवादी आमोद सिहाग को 40 हजार रुपए देकर भेजे। आरोपी ऑपरेटर योगेश पारीक ने वह राशि ले ली। इसके बाद इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने धावा बोल दिया। आरोपी के कब्जे से घूस के 40 हजार रुपए बरामद कर लिए। एसीबी की टै्रप टीम में जगदीश राय, राजेश कुमार, वरुण कुमार, विनय विशाल, बजरंगलाल, संदीप कासनिया, अमन भादू, ओमप्रकाश सोनी, कमलजीत कौर स्वतंत्र गवाह, राय सिंह एवं मुकेश कुमार शामिल रहे। एसीबी एसपी गगनदीप सिंगला तथा एएसपी हनुमानगढ़ तेजपाल सिंह के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।