
Rajasthan : राजस्थान में मानसून ने फिर जोर पकड़ लिया है। मौजूदा वक्त में राजस्थान के बीकानेर से मानसून ट्रफ लाइन होकर गुजर रही है। जिस वजह से राजस्थान के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के हनुमानगढ़ के मक्कासर गांव में आज सुबह भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे 20 से 30 घर डूब गए हैं। कई परिवार विस्थापित हो गए हैं। हालात बहुत खराब हो गए हैं। पीड़ित जनता का कहना है कि प्रशासन ने पिछले साल वादा किया था पर निभाया नहीं।
हनुमानगढ़ के मक्कासर गांव में रहने वाले राजेंद्र कुमार कहते हैं, आज सुबह 3 बजे बारिश शुरू हुई। इस बारिश का सिलसिला 5.30 बजे तक जारी रहा। इस झमाझम बारिश से कई घर पानी में डूब गए। पिछली बार 100 से ज़्यादा घर बाढ़ की चपेट में आए थे और इस बार 30 से ज़्यादा घर डूब गए हैं। राजेंद्र कुमार बताते हैं कि प्रशासन ने पिछले साल वादा किया था कि वे पानी निकासी का सही इंतज़ाम करेंगे, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पास खड़े एक और निवासी चरणजीत सिंह कहते हैं, हालात बिल्कुल पिछले साल जैसे ही हैं। पिछले साल लगभग 150 घर प्रभावित हुए थे और उनमें पानी भर गया था, लेकिन इस बार करीब 40 से 45 घर डूबे हुए हैं। आज तो बस पहली बारिश थी और अगर आने वाले दिनों में फिर बारिश हुई, तो मुझे लगता है कि 150 नहीं, बल्कि 200 से 250 घर डूब सकते हैं। पिछली बार किए गए कई वादों के बावजूद, प्रशासन ने अब तक कुछ नहीं किया है।
वहीं दूसरी तरफ हनुमानगढ़ की घग्घर नदी में पानी का आगमन हो चुका है। मानसून के दौरान भारी बारिश व आगामी दिनों में घग्घर नदी में पानी की आवक बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने घग्घर नदी के पट्टड़ों की मजबूती तथा बाढ़ सुरक्षा संबंधी तैयारियों का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने टिब्बी क्षेत्र में जीडीसी-24 आरडी से 42-आरडी तक चल रहे पट्टड़ों के सुदृढ़ीकरण कार्यों एवं मशीनों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने तथा कमजोर स्थानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं मौसमविद् नरपतसिंह राठौड़ के अनुसार 3 दिनों से मानसून का दूसरा दौर सक्रिय है। यह अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। वर्तमान समय में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून पूरे भारत में बरस रहा है। वागड़ में पहले दौर की तरह दूसरा दौर भी खण्ड वर्षा कर रहा है। इसके प्रभाव से वागड़, मेवाड़ सहित हाड़ौती में अच्छी बरसात, तो कहीं तेज तो कही खण्ड एवं हल्की बारिश जारी रहेगी।