हनुमानगढ़

राजस्थान में शराब तस्करों का बढ़ा दुस्साहस, इस जिले में पुलिस की ही कर दी पिटाई

हकीकत यह है कि हथकढ़ शराब के चिह्नित इलाकों में निरंतर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसका दूसरा चिंतनीय पक्ष यह है कि पिछले कुछ बरसों में पुलिस दल पर हमले के जो गंभीर मामले सामने आए हैं, उनमें अधिकांश अवैध शराब के कारोबारी लिप्त पाए गए हैं।

2 min read
राजस्थान में शराब तस्करों का बढ़ा दुस्साहस, इस जिले में पुलिस की ही कर दी पिटाई

हथकढ़ शराब के चिरपरिचित गढ़ों पर आजकल फिर पुलिस धावे बोल रही है। क्योंकि ताजा-ताजा ही पुलिस हथकढ़ शराब की तस्करी में संलिप्त लोगों के हाथों पिटी है। लिहाजा, चुनावी माहौल में हमले से स्तब्ध पुलिस और आबकारी निरोधक अतिरिक्त प्रयास कर कार्रवाई में जुटे हुए हैं। मगर यह मौसमी कार्रवाई रेकॉर्ड में सजाकर भले ही पुलिस व आबकारी विभाग उच्चाधिकारियों के समक्ष गाल बजा ले।

हकीकत यह है कि हथकढ़ शराब के चिह्नित इलाकों में निरंतर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसका दूसरा चिंतनीय पक्ष यह है कि हनुमानगढ़ जिले में पिछले कुछ बरसों में पुलिस दल पर हमले के जो गंभीर मामले सामने आए हैं, उनमें अधिकांश अवैध शराब के कारोबारी लिप्त पाए गए हैं। सीधे शब्दों में कहे तो जिले में पुलिस व आबकारी पुलिस पार्टी ज्यादातर शराब तस्करों के हाथों ही पिटी है। इसके बावजूद सतत अभियान चलाकर प्रभावी अंकुश लगाने में अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।

हमला व फायरिंग
गंगागढ़ क्षेत्र में हथकढ़ शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए गई आबकारी पुलिस से मारपीट व फायरिंग की घटना 13 जुलाई 2021 को सामने आई थी। इस संबंध में पुलिस व ग्रामीणों ने फायरिंग व मारपीट को लेकर टाउन थाने में परस्पर मामले दर्ज करवाए थे। आबकारी पुलिस ने रिपोर्ट दी थी कि गंगागढ़ रोही के देबूघाट पर आबकारी टीम हथकढ़ शराब व भट्ठियां नष्ट कर रही थी।

इस दौरान हथकढ़ शराब कारोबारियों ने टीम पर हमला कर दिया। डीईओ व आबकारी थाना प्रभारी सहित अन्य कार्मिक वहां से भाग निकले। मगर आबकारी जमादार को घेरकर पीटा। सरकारी पिस्तौल छीन लिया व फायर किए गए। बचाव में आबकारी विभाग के कार्मिकों ने फायरिंग की जिसमें तीन ग्रामीण घायल हो गए। इससे भी पहले भादरा क्षेत्र में आबकारी विभाग के प्रहराधिकारी से मारपीट व फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है।

रस्म अदायगी से कुछ नहीं होगा
घग्घर क्षेत्र में हथकढ़ शराब बनाने पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाना, आबकारी पुलिस व पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। चुनाव आचार संहिता के समय ही केवल रस्म अदायगी के तौर पर कार्रवाई करने मात्र से कानून का इकबाल बुलंद नहीं होगा। पुलिस यदि गंभीरता से निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई में सुस्ती बरतेगी तो उनके पिटने के मामले यूं ही रह-रह कर सामने आते रहेंगे जो कानून व्यवस्था के लिए चिंतनीय है।

फैक्ट फाइल : आबकारी अधिनियम

वर्ष दर्ज प्रकरण

2021 705

2022 706

2023 858

क्यों बढ़ रहा दुस्साहस
जंक्शन थाने के पुलिस दल पर 27 मार्च की रात दो केएनजे क्षेत्र में अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों ने हमला कर तीन पुलिसकर्मियों को जख्मी कर दिया था। हथकढ़ शराब सहित पकड़े गए दो जनों को पुलिस के कब्जे से छुड़वा लिया था व सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में हैड कांस्टेबल की रिपोर्ट पर कई जनों पर राजकार्य में बाधा, हत्या के प्रयास, लूट, सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने आदि धाराओं में मामला दर्ज कराया गया।

Published on:
30 Mar 2024 12:06 pm
Also Read
View All