
नहर में गिरी कार (फोटो-एआई)
Hanumangarh Dummy Notes: हनुमानगढ़: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भिरानी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान छानीबड़ी माइनर से एक संदिग्ध क्रेटा कार बरामद की है। घटना के बाद से ही कार चालक मौके से फरार है। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से चार अलग-अलग नंबर प्लेट, भारी मात्रा में बच्चों के खेलने वाले डमी नोट, एक मोबाइल फोन और गाड़ी के कई फर्जी व असली दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने कार के वास्तविक मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिरानी थानाधिकारी राधेश्याम ने बताया कि शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार बेहद तेज गति और लापरवाही से चलते हुए छानीबड़ी माइनर में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद हाइड्रा जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया।
हादसे के वक्त कार पर हरियाणा के रजिस्ट्रेशन वाली नंबर प्लेट HR-76 F-1857 लगी हुई थी, जो जांच में पूरी तरह संदिग्ध पाई गई। जब पुलिस ने कार के इंजन और चेसिस नंबर की बारीकी से जांच की, तो वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर HR-20 AR-7159 निकलकर सामने आया।
प्रारंभिक जांच में साफ हो गया है कि आरोपी किसी आपराधिक साजिश को अंजाम देने या टोल-नाकों और पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। भिरानी थाना पुलिस ने शुक्रवार रात को वाहन के वास्तविक और पंजीकृत स्वामी प्रवीण कुमार ग्रोवर के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश करने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी नंबर प्लेट्स और डमी नोटों का इस्तेमाल किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
Updated on:
27 Jun 2026 06:44 pm
Published on:
27 Jun 2026 06:44 pm
