राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नए साल के दूसरे दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। मेगा हाइवे पर गांव नौरंगदेसर में सेब से भरे ट्रक की चपेट में जुगाड़ बाइक ट्रॉली आ गई।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नए साल के दूसरे दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। मेगा हाइवे पर गांव नौरंगदेसर में सेब से भरे ट्रक की चपेट में जुगाड़ बाइक ट्रॉली आ गई। बाइक ट्रॉली को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। बाइक ट्रॉली में सवार सभी सात लोग ट्रक की चपेट में आ गई। उनमें से तीन लोग तो ट्रक के तले दब गए, जबकि चार लोग टक्कर से घायल हो गए गिर गए।
सूचना मिलने पर शेरगढ़ चौकी व टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चार घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मगर तीन लोगों को ट्रक के नीचे से तत्काल नहीं निकाला जा सका। इसलिए गांव से ही एक्सक्वेटर मशीन मंगवाई गई। मशीन की मदद से पहले ट्रक तले दबे तीन लोगों को बाहर निकाला गया। उनको जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। ट्रक में सेब की पेटियां लदी हुई थी जो सड़क पर बिखर गई। इससे यातयात बाधित हो गया। पुलिस ने ट्रक व सेब की पेटियों को एक्सक्वेटर मशीन की मदद से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेब लदा ट्रक हनुमानगढ़ से रावतसर की तरफ जा रहा था। जबकि बाइक ट्रॉली सवार सात लोग रावतसर से हनुमानगढ़ की तरफ आ रहे थे। गांव नौरंगदेसर में हनुमान मंदिर के पास ओवरटेक के प्रयास में बाइक ट्रॉली अनियंत्रित होकर अचानक ट्रक के सामने आ गई। ट्रक चालक ने बाइक ट्रॉली को बचाने का प्रयास किया। इसके चलते ट्रक भी अनियंत्रित हो गया तथा बाइक ट्रॉली को चपेट में लेता हुआ पलट गया। सेब की पेटियां सडक़ पर बिखर गई। मृतक एवं घायल पंजाब के जलालाबाद, फिरोजपुर इलाके के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।