https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. जिले के रावतसर कस्बे में भूखण्ड नामांतरण को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली से नाराज होकर दो जने शनिवार को रामलीला मैदान स्थित पेयजल टंकी पर चढ़ गए। नगरपालिका प्रशासन पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दी। मौके पर लोगों को भीड़ लग गई।
नगर पालिका कर्मचारियों पर भूमाफियाओं से मिलीभगत का आरोप, जांच कमेटी गठित तो उतरे टंकी से
- टंकी पर चढ़कर नगर पालिका के खिलाफ जताया रोष
- नपा पर मिलीभगती कर दूसरा पट्टा जारी करने का आरोप
- भूखंड नामांतरण प्रकरण की जांच की मांग
हनुमानगढ़. जिले के रावतसर कस्बे में भूखण्ड नामांतरण को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली से नाराज होकर दो जने शनिवार को रामलीला मैदान स्थित पेयजल टंकी पर चढ़ गए। नगरपालिका प्रशासन पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दी। मौके पर लोगों को भीड़ लग गई। सूचना पर कई अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा समझाइश का प्रयास किया। मगर वे नहीं माने।
जानकारी के अनुसार वार्ड 19 निवासी फू लाराम पुत्र नन्दराम सुथार व पवन कुमार पुत्र सहीराम सुथार शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे टंकी पर चढ़ गए। इसके एक घंटे बाद नपा ईओ पवन चौधरी तथा करीब बारह बजे तहसीलदार उमा मित्तल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरूण चौधरी भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने मोबाइल फाने के जरिए टंकी पर चढ़े दोनों जनों से बातचीत की। पवन कुमार व फूलाराम ने बताया कि भूखंड संख्या 235 नन्दराम के नाम से है। उनके पास वर्ष 1960 का पट्टा भी बना हुआ है। नगरपालिका ने भूमाफियाओं के साथ मिलीभगत कर नामांतरण कर दूसरा पट्टा जारी कर दिया। नगरपालिका ईओ से कई बार नकल मांगी गई। परन्तु अभी तक नकल नहीं दी गई है। अत: ईओ को निलम्बित कर मामले की जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। मामला गम्भीर होते देख जिला कलक्टर को प्रकरण से अवगत कराया गया। जिला कलक्टर के निर्देश पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई। पीलीबंगा अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र गोदारा को कमेटी अध्यक्ष बनाया गया। जबकि नगरपरिषद लेखाधिकारी मालचन्द शर्मा तथा अधिशासी अभियंता सुभाषचन्द्र को सदस्य नियुक्त किया गया। कमेटी गठन के बाद पवन कुमार व फूलाराम को इसकी सूचना दी गई। वार्ड 17 के निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधी रामजस बुरड़क की मध्यस्थता में वार्ता हुई। इसमें भूखण्ड पर चिनाई करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने का भरोसा दिलाया गया तो दोनों देर शाम को नीचे उतरे।
मामला दर्ज
टंकी पर चढ़े पवन कुमार के भाई मेघराज पुत्र सहीराम ने चार नामजद सहित 50-60 जनों के खिलाफ दुकानों में तोड़ फोड़ व चोरी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस के अनुसार मेघराज ने रिपोर्ट दी कि भूखण्ड संख्या 34 में 7 दुकानें हैं। इनका दक्षिण दिशा में गेट है। शनिवार सुबह महेन्न्द्र पुत्र लालचन्द गोदारा, मोहर सिंह पुत्र भैरूराम न्यौल, हंसराज पुत्र भैरूराम न्यौल तथा काशीराम जाट निवासी किकरालिया 50-60 जनों को लेकर आए। आरोपियों ने दुकानों के शटर तोड़ कर सामान चुरा लिया। परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।