हनुमानगढ़. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से बुधवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला, वहीं कई विद्यार्थियों ने मिठाइयां बांटकर अपनी सफलता का उत्सव मनाया। हालांकि सीबीएसई की […]
हनुमानगढ़. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से बुधवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला, वहीं कई विद्यार्थियों ने मिठाइयां बांटकर अपनी सफलता का उत्सव मनाया। हालांकि सीबीएसई की ओर से जिला स्तर पर मेरिट सूची जारी नहीं की जाती है, जिसके चलते जिले के टॉपर्स की आधिकारिक सूची सामने नहीं आ सकी। बावजूद इसके विभिन्न स्कूलों से सामने आए उत्कृष्ट परिणामों ने जिले का नाम रोशन किया है।
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सौम्या पुत्री विपिन कुमार, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.06 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विशेष बात यह रही कि सौम्या ने विज्ञान विषय में शत-प्रतिशत यानी 100 में से 100 अंक हासिल किए। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए सौम्या ने बताया कि उसका सपना इंजीनियर बनना है। वह तकनीक के माध्यम से आम लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य करना चाहती है। सौम्या ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उसके पिता विपिन कुमार व्यवसायी हैं, जबकि माता ममता बाघला गृहिणी हैं। परिवार ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में विरासत विद्यापीठ की छात्रा रिदम चौधरी पुत्री प्रमोद कुमार ज्याणी ने 97.02 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं इसी विद्यालय की छात्रा नेहा अग्रवाल, पुत्री संजय अग्रवाल ने भी 97.02 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया। इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। विद्यालय प्रशासन ने भी छात्रों की इस सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम बताया। शिक्षकों ने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष सीबीएसई 10वीं का ओवरऑल परीक्षा परिणाम लगभग 94 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यार्थियों की बढ़ती मेहनत और डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर उत्साह दिखाया। कई विद्यार्थी इंजीनियरिंग, चिकित्सा, प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढऩे की बात कह रहे हैं।