हनुमानगढ़

Hanumangarh Accident: कार की चपेट में आई बाइक, दो चचेरे भाइयों की मौत

मेगा हाइवे पर गांव मटोरियांवाली ढाणी व सेमनाला के बीच शनिवार को कार व बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2021, 6:56 PM IST
two brothers died in road accident in hanumangarh

हनुमानगढ़। मेगा हाइवे पर गांव मटोरियांवाली ढाणी व सेमनाला के बीच शनिवार को कार व बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ने इलाज के लिए श्रीगंगानगर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक आपस में चचेरे भाई थे। उनमें से एक की कुछ दिन बाद शादी होनी थी। परिजनों को जैसे ही हादसे की खबर मिली शादी की खुशियां मातम में बदल गई। हादसे की सूचना मिलने पर टाउन थाने की शेरगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस संबंध में कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कराया गया।

जानकारी के अनुसार रावतसर थानान्तर्गत गांव कनवानी निवासी रामनिवास (24) पुत्र शंकरलाल शर्मा तथा दीपक उर्फ दलीप (30) पुत्र मोटाराम शर्मा शनिवार सुबह हनुमानगढ़ की तरफ आने के लिए मोटर साइकिल पर रवाना हुए। जब वे गांव मटोरियांवाली ढाणी को पार कर सेमनाले के पास पहुंचे तो हनुमानगढ़ की तरफ से आ रही कार से बाइक की टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा टूट गया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के गम्भीर चोटें लगी। उनमें से रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल दलीप उर्फ दीपक को निजी वाहन से हनुमानगढ़ राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे श्रीगंगानगर के लिए लेकर रवाना हुए। मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। टाउन थाने के एसआइ पूर्ण सिंह ने दोपहर में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए।

अगले माह थी शादी
युवक रामनिवास की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। वहीं दलीप उर्फ दीपक की शादी अगले माह होनी थी। इसके लिए घर-परिवार में तैयारियां चल रही थी। मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। जहां शादी की तैयारियों का उल्लास था, वहां शोक ने डेरा डाल लिया। कार चालक के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले की जांच शेरगढ़ चौकी प्रभारी एसआइ विजयपाल को सौंपी गई है। प्रथम दृष्टया ओवरटेक के प्रयास में हादसे की बात सामने आई है।

Published on: