हनुमानगढ़

Weather Update : सात दिनों में होगी मूसलाधार बारिश,हनुमानगढ़ पर मंडराया बाढ़ का खतरा

Heavy Rain Flood : घग्घर नदी के राजस्थान वाले हिस्से में हरियाणा के ओटू हैड से पानी की आवक जारी है। प्रशासन ने हालांकि शनिवार रात से ही पानी बढ़ने की आशंका जताई थी।

2 min read

Heavy Rain Flood : घग्घर नदी के राजस्थान वाले हिस्से में हरियाणा के ओटू हैड से पानी की आवक जारी है। प्रशासन ने हालांकि शनिवार रात से ही पानी बढ़ने की आशंका जताई थी। लेकिन रविवार को हरियाणा के सिरसा में घग्घर नदी का तटबंध टूटने से पानी वहां आसपास के गांवों में फैल गया है। इससे राजस्थान की ओर आ रहे पानी की गति कम हो गई है।

जिला कलक्टर हनुमानगढ़ रुक्मणि रियार सिहाग ने बताया कि सिरसा के पास घग्घर के तट बंध में पांच स्थानों पर कटाव आ गया है। इससे ओटू हैड की ओर आने वाला पानी वहां के तीन-चार गांवों में फैलना शुरू हो गया है। तट बंध टूटने की घटना के बाद राजस्थान की ओर आ रहे पानी की गति कम हो गई है। इससे 72 घंटे तक हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में बाढ़ का खतरा टल गया है।

उधर, प्रशासन की चेतावनी के बाद घग्घर बहाव क्षेत्र के आसपास बसे गांवों के लोग बच्चों, महिलाओं और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर छोडकऱ नदी के तटबंधों की निगरानी में जुटे हैं। प्रशासन व जल संसाधन विभाग की ओर से घग्घर नदी में बाढ़ के खतरे को टालने का प्रयास किया जा रहा है। जहां पर भी नदी के तट बंध कमजोर है और उनके टूटने का खतरा है वहां मिट्टी के थैले रखवाए गए हैं।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गुहला चीका पर पानी की आवक 52060, खनौरी 15375 तथा चांदपुर पर 22050 क्यूसेक पानी की आवक थी। ओटू हैड से 26300 क्यूसेक पानी राजस्थान की ओर प्रवाहित किया जा रहा था। इस बीच जल संसाधन विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता ने पानी को लेकर भ्रम फैला दिया, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।

अभियंता को कार्य में लापरवाही बरतने तथा नकारात्मक सूचना का प्रचार करने के कारण कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कस्वां को निलंबित कर दिया गया है। मुख्य अभियंता ने नहर व घग्घर नदी के हैडों की निगरानी को तैनात अभियंताओं को सतर्क होकर कार्य करने की नसीहत दी है।

Published on:
17 Jul 2023 10:46 am
Also Read
View All