हनुमानगढ़

अफीम पकड़ी तो हुआ नशे के बड़े सप्लायर का पर्दाफाश, विशेष तिजौरी, कई वाहन जब्त

हनुमानगढ़. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निरंतर कार्रवाई के चलते अब तस्करी के बड़े नेटवर्क पुलिस की पकड़ में आने लगे हैं।

3 min read
अफीम पकड़ी तो हुआ नशे के बड़े सप्लायर का पर्दाफाश, विशेष तिजौरी, कई वाहन जब्त

अफीम पकड़ी तो हुआ नशे के बड़े सप्लायर का पर्दाफाश, विशेष तिजौरी, कई वाहन जब्त
- छह क्विंटल 55 किलोग्राम पोस्त, 400 ग्राम अफीम, नौ कारतूस व नशे की बिक्री के 10 लाख 38 हजार रुपए भी बरामद
- जीप, कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, तीन गिरफ्तार, एक फरार, मुख्य सप्लायर की तलाश
- रावतसर पुलिस की डीएसटी के सहयोग से आपस में जुड़ी दो अलग-अलग कार्रवाई
हनुमानगढ़. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निरंतर कार्रवाई के चलते अब तस्करी के बड़े नेटवर्क पुलिस की पकड़ में आने लगे हैं। पिछले कुछ महीनों से जिला पुलिस निरंतर ऐसे लोगों को चिह्नित कर पड़ताल में जुटी हुई है जो जिले में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ मंगवा कर उसको यहां-वहां बेच रहे हैं। ऐसे ही एक नशे के बड़े सप्लायर का राजफाश रावतसर पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से शुक्रवार रात किया। दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की गई। मगर दोनों कार्रवाई के तार एक-दूसरे से जुड़े हुए थे।
पुलिस दल ने कार्रवाई के दौरान छह क्विंटल 55 किलोग्राम पोस्त, 400 ग्राम अफीम, नौ कारतूस तथा नशीले पदार्थों की बिक्री के 10 लाख 38 हजार रुपए बरामद किए। साथ ही एक पिकअप जीप, स्कॉर्पियो कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। पुलिस ने दोनों कार्रवाई में मौके से तीन जनों को गिरफ्तार किया। जबकि एक जना फरार हो गया। इसके अलावा पुलिस ने एक बंद तिजोरी भी कब्जे में ली है जिसकी चाबी नहीं मिली है। इसमें भी नशे की बिक्री के रुपए होने की संभावना है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन दोनों मामलों में रवि कुमार पुत्र दयाराम कासनिया निवासी थालड़का का नाम मुख्य सप्लायर के तौर पर सामने आ रहा है। जब्त नशीले पदार्थ व अन्य सामान उसी का है। इस संबंध में रावतसर थाने में एनडीपीएस एक्ट व आम्र्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अफीम के बाद पहुंचे तिजौरी तक
एसपी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि रावतसर थाना प्रभारी नरेश गेरा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जिला विशेष दल सेक्टर नोहर के सहयोग से रोही थालड़का में कार्रवाई करते हुए पिकअप सवार शिशपाल (28) पुत्र आत्माराम सहारण निवासी ढाणी चक 21 आरडब्ल्यूडी रोही थालड़का के कब्जे से 400 ग्राम अफीम, नौ कारतूस तथा नशीले पदार्थों की बिक्री के 10 लाख 38 हजार रुपए बरामद किए। शिशपाल को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त की। उसके बताए अनुसार पुलिस टीम ने सह आरोपी रवि कुमार पुत्र दयाराम कासनिया निवासी थालड़का के घर से एक बंद तिजौरी जब्त की जो विशेष चाबी से खुलती है। आरोपी के परिजनों ने पुलिस टीम का सहयोग नहीं किया। इसलिए तिजौरी की चाबी नहीं मिल सकी तो उसे जब्त कर लिया गया। इस संबंध में शिशपाल व रवि कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आम्र्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच पीलीबंगा थाना इन्द्र कुमार मारवाल को सौंपी गई है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी नरेश गेरा, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल लक्ष्मण, कांस्टेबल मांगीलाल एवं कांस्टेबल राजवीर शामिल रहे।
पहले एक्शन से पता लगा पोस्त का
एसपी ने बताया कि अफीम तस्करी में गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर दूसरी कार्रवाई की गई। रावतसर थाने के एसआई हरबंशलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने डीएसटी सेक्टर नोहर के सहयोग से रोही चक 34 आरडब्ल्यूडी थालड़का में यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने 33 थैलों में भरा 6 क्विंटल 55 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर मौके से सोनू कुमार पुत्र आत्माराम जाट निवासी वार्ड 3, गंधेली तथा मुकेश कुमार पुत्र कालूराम नायक निवासी वार्ड 10, गंधेली को गिरफ्तार किया।
लगी भनक, भर रहे थे पोस्त
अफीम तस्करी में शिशपाल की गिरफ्तारी व उसकी निशानदेही पर तिजौरी जब्त करने की कार्रवाई से अन्य आरोपियों को भनक लग गई कि पुलिस कभी भी रोही चक 34 आरडब्ल्यूडी थालड़का में छापा मार सकती है। क्योंकि वहां मुख्य सप्लायर रवि कासनिया व उसके साथियों ने पोस्त छिपाकर रखा था। इसलिए आरोपियों ने वहां से पोस्त हटाकर किसी और जगह रखने का प्रयास किया। जब पुलिस ने धावा बोला तो सोनू कुमार, मुकेश कुमार तथा दलीप पुत्र कालूराम नायक निवासी वार्ड 10, गंधेली कमरे में रखे डोडा पोस्त को ट्रैक्टर-ट्रॉली व कार में भर रहे थे। पुलिस ने मौके से सोनू कुमार तथा मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दलीप नायक फरार हो गया। पुलिस ने पोस्त के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली व कार को भी जब्त कर लिया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसकी जांच नोहर थाना के कार्यवाहक प्रभारी एसआई गोपीराम कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई हरबंशलाल, हैड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल भूराराम, कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण तथा कांस्टेबल सतपाल शामिल रहे।

Published on:
23 Apr 2022 09:08 pm
Also Read
View All