हनुमानगढ़

पति से अलग रहने वाली बेऔलाद महिला ने किया बच्ची का अपहरण, बताया, पालना चाहती थी

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. पति से अलग किसी अन्य व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला ने टाउन से तीन वर्षीय बालिका का अपहरण किया। जब उसे पता लगा कि टाउन थाना पुलिस उसका पीछा कर रही है तो बचने के लिए वह बालिका को हिसार बस स्टैंड पर लावारिस छोड़ गई। मगर पुलिस ने महिला को हांसी से गिरफ्तार कर लिया।
4 min read
पति से अलग रहने वाली बेऔलाद महिला ने किया बच्ची का अपहरण, बताया, पालना चाहती थी
पति से अलग रहने वाली बेऔलाद महिला ने किया बच्ची का अपहरण, बताया, पालना चाहती थी

पति से अलग रहने वाली बेऔलाद महिला ने किया बच्ची का अपहरण, बताया, पालना चाहती थी
- पुलिस के पीछा करने का पता लगते ही हिसार बस स्टैंड पर छोड़ा बच्ची को
- आरोपी महिला को पुलिस ने हांसी से किया गिरफ्तार, बालिका के घर था महिला का आना-जाना
हनुमानगढ़. पति से अलग किसी अन्य व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला ने टाउन से तीन वर्षीय बालिका का अपहरण किया। वह उसे पालने की इच्छुक थी। बालिका के घर पर उसका आना-जाना था। जब उसे पता लगा कि टाउन थाना पुलिस उसका पीछा कर रही है तो बचने के लिए वह बालिका को हिसार बस स्टैंड पर लावारिस छोड़ गई। मगर पुलिस ने महिला को हांसी से गिरफ्तार कर लिया। हिसार बस स्टैंड से स्थानीय पुलिस ने बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। टाउन पुलिस बालिका तथा आरोपी महिला को शुक्रवार दोपहर हनुमानगढ़ ले आई।
टाउन से गुरुवार को दिनदहाड़े तीन वर्षीय बालिका के अपहरण मामले का पुलिस ने इस तरह 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा ने टाउन थाने में पत्रकार वार्ता में प्रकरण की जानकारी देते हुए कहा कि बालिका को बरामद कर आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोपहर बाद पुलिस टीम बालिका व आरोपी महिला को लेकर हरियाणा से हनुमानगढ़ पहुंची। पुलिस ने बालिका खुशबू पुत्री जोगेन्द्र मंडल निवासी वार्ड 21, तलवाडिय़ों वाली गली, टाउन का अपहरण करने के आरोप में रेणु (30) पत्नी जयकिशोर को गिरफ्तार किया है। एसपी डोगरा ने बताया कि अपह्रत बालिका की बहन से हुलिया पता करने के बाद महिला की आसपास पड़ताल की। इस दौरान पता चला कि रेणु नामक महिला गायब है। इसके बाद उसका पीछा शुरू किया। मामले का जल्दी पटाक्षेप होने से पुलिस, बालिका के परिजनों तथा शहर के संवेदनशील लोगों ने राहत की सांस ली।
पति से रह रही अलग
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला का पीहर टाउन की बिहारी बस्ती में है। उसकी शादी टिब्बी के गांव राठीखेड़ा में हुई थी। लेकिन फिलहाल वह पति से अलग पीहर में ही रहती थी। पिछले कुछ दिनों से वह हांसी में किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में थी। उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वह कुछ दिन अपने पीहर तो कुछ दिन हांसी में रहती थी।
पहचान का दुरुपयोग
जांच अधिकारी उप निरीक्षक संजू रानी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्याहर बजे आरोपी रेणु को हांसी से गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी संजू रानी ने बताया कि रेणु का बालिका के घर पहले से ही आना-जाना था। खुशबू जिस मकान में अपने माता-पिता के साथ किराए पर रहती है, उसी मकान में एक अन्य महिला रहती है। आरोपी रेणु उसी महिला की परिचित है। वह अक्सर उसके पास आती थी। इस कारण उसकी जान-पहचान जोगेन्द्र मंडल के परिवार से हो गई।
पालने का कर रही दावा
आरोपी महिला ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके कोई औलाद नहीं है। इस कारण उसने जोगेन्द्र मंडल की तीन वर्षीय बच्ची खुशबू को उठाकर ले जाने तथा उसे पालने की बात सोची। इसलिए वह खुशबू को केला दिलाकर अपने साथ ले गई। खुशबू को बस में बैठाकर हांसी में रहने वाले अपने परिचित के पास लेकर जाना चाहती थी। मगर रास्ते में पता चला कि पुलिस उसका पीछा कर रही है तो डर के मारे उसने हिसार बस स्टैंड पर बच्ची को बस में छोड़ दिया। खुद हांसी चली गई। जांच अधिकारी के अनुसार हिसार बस स्टैंड पर बस चालक ने लावारिस हालत में बालिका के मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच बालिका को अपने कब्जे में लेकर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। पुलिस टीम ने मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपी महिला रेणु को हांसी से पकड़ लिया। पूछताछ की तो उसने बालिका को हिसार बस स्टैंड पर छोडऩे की बात बताई। इस पर पुलिस टीम हिसार बस स्टैंड से पड़ताल कर बाल कल्याण समिति पहुंची। बाल कल्याण समिति ने बालिका पुलिस को सौंप दी।
पुलिस ने दिखाई सक्रियता
बालिका के अपहरण की वारदात का मात्र 24 घंटे में ही पुलिस ने तत्परता व सक्रियता से खुलासा कर दिया। इसमें टाउन थाना प्रभारी रमेश माचरा के निर्देशन में जांच अधिकारी एसआई संजू रानी के नेतृत्व में गठित पुलिस दल की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल नरेश बिश्नोई, राजकुमार सिहाग, कांस्टेबल राकेश रमाणा व होमगार्ड जवान सावन पाइवाल शामिल रहे।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे खुशबू अपनी बहन अंजली व भाई अविनाश के साथ दुकान पर सामान लाने गई थी। उसी दौरान अज्ञात महिला ने उसका अपहरण कर लिया। उस समय उसके माता-पिता काम पर गए थे। जबकि उनके पांच बच्चे घर में थे। अंजली ने घर लौटकर परिजनों को बताया कि खुशबू को पीले रंग का सूट पहने अज्ञात महिला उठाकर ले गई। इससे इलाके में हड़कम्प मच गया। टाउन पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित कर तलाश शुरू की। मगर बालिका व महिला का सुराग नहीं लग सका। सीसीटीवी फुटेज में भी महिला का चेहरा स्पष्ट रूप से नहीं दिखा। इस संबंध में बालिका के पिता जोगेन्द्र मण्डल पुत्र रामविलास ने अज्ञात महिला के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।
पुष्प वर्षा से अभिनंदन
बालिका को लेकर जब उसके माता-पिता तथा पुलिस टीम में शामिल पुलिसकर्मी व होमगार्ड जवान उसके घर पहुंचे तो उनका पुष्प वर्षा से अभिनंदन किया गया। मोहल्ले के लोगों ने टाउन थाना पुलिस के प्रयासों की सराहना की। साथ ही टीम में शामिल पुलिसकर्मियों का भी आभार जताया।
चार से पहले प्रयास, पड़ताल शुरू
एसपी राशि डोगरा ने बताया कि महिला का बच्ची को ले जाने का क्या कारण था, इसकी पड़ताल की जा रही है। उसके स्वयं के कोई औलाद नहीं है। पालने की बात भी महिला कह रही है। इसके अलावा यह भी सूचना सामने आई है कि चार-पांच साल पहले भी उसने किसी बच्चे को उठाया था। मगर बच्चा मिलने के कारण पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। यह कोई गिरोह है या नहीं। इन सबकी पड़ताल की जा रही है। हांसी में जिस व्यक्ति के पास महिला जा रही थी, उसकी क्या भूमिका है, यह सब आगे जांच में स्पष्ट हो सकेगा।

Published on:
24 Jul 2020 09:52 pm
Also Read
View All
Rajasthan Nikay Chunav : सभापति चुनाव से ठीक पहले MLA गणेशराज बंसल अरेस्ट, हनुमानगढ़ से बीकानेर के रास्ते में पुलिस ने किया था डिटेन, जानें पूरा मामला

पंजाब में पार्षदों को पकड़ने पहुंची पुलिस तो भड़की कांग्रेस, राजस्थान में थाने के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

हनुमानगढ़ में सभापति चुनाव के बीच निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल समेत कई पर FIR, जानें क्या है मामला

Hanumangarh Nikay Result: हनुमानगढ़ में निर्दलीयों ने बीजेपी-कांग्रेस को पछाड़ा, 35 सीटों पर जमाया कब्जा

Hanumangarh : ‘वोट पहले ही पड़ चुका था’, नाराज मतदाता ने दर्ज कराई शिकायत, चुनाव अधिकारी ने दी टेंडर वोट की अनुमति