
हनुमानगढ़/संगरिया।
प्रदेश के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में कुछ युवकों ने नहर में डूबती हुई महिला की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल कायम की। सर्द हवाओं व ठंडे पानी की फिक्र किए बिना तीन युवकों ने नहर में डूबती महिला को बचाकर बहादुरी दिखाई। महिला को नहर से बहार निकाल प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रैफर कर दिया।
महिला को बचाने वालों में शामिल कस्बे के वार्ड सात निवासी प्रहलाद जिंदल ने बताया कि रोज की तरह वह अपने साथी मंगत स्वामी व नत्थूराम शर्मा के साथ सार्वजनिक जगह पर नहर के पास लगाए गए पौधों की सार-संभाल कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करीब आठ बजे एक रेहड़ी चालक का शोर सुन वे नहर की पटरी पर दौड़े।
देखा तो एक महिला नहर में तैरती हुई आ रही थी। आनन-फानन में मंगत स्वामी ने नहर में छलांग लगा दी। उसे तैराकी आने से वह महिला तक पहुंच गया और अन्य जनों की मदद से नहर किनारे तक लाकर उसे बाहर निकाला। पेट में घुसा पानी बाहर निकालने के बाद कार में उसे राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां परिजन भी पहुंच गए।
महिला की पहचान वार्ड बीस निवासी कर्मजीतकौर रामगढिय़ा (40) पत्नी स्वर्णसिंह के रुप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार महिला किसी बात से नाराज होकर नहर की तरफ घर से चली गई और कूद गई। परिजन भी पीछे-पीछे उसे ढूंढते हुए आ गए। वह मानसिक रुप से कई दिनों से बीमार बताई जा रही है और उपचार भी चल रहा है।