हरदा.नपा के सफाई कर्मचारियों की 6 दिन से चल रही हड़ताल से बिगड़ी सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए रविवार सुबह 8 बजे नपाध्यक्ष,सीएमओ,पार्षदों,पूर्व पार्षदों,पार्षद पतियों सहित नपा के करीब 150 अधिकारी कर्मचारियों ने शहर में झाडू लगाई। करीब 12 ट्रॉली व 27 मैजिक कचरा भी उठाया। टीम ने शहर की मुख्य सड़कों,बाजार की गलियों में झाडू लगाने के अलावा नेहरू पार्क में भी सफाई की। नपाध्यक्ष सीएमओ से बातचीत के बाद कर्मचारियों की हडताल खत्म हुई। सोमवार से काम पर आएंगे। इधर आरजीपीआरएस के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत टाले
अभी तक गांधी जयंती पर अधिकारी विशेषकर जनप्रतिनिधि सुबह शहर में झाडू लगने के बाद फोटो खिंचवाने के लिए स्वच्छता अभियान में शामिल होते थे। जिससे उनकी किरकिरी भी होती थी। अभी सफाई कर्मचारी 18 मांगों को लेकर 6 दिन से हड़ताल पर हैं। जिससे शहर में हर तरफ कचरे के ढेर लग गए। इस बीच यह पहला मौका था,जब क्लीन हरदा ग्रीन हरदा के नारे को मुंह चिढ़ाते कचरे के ढेर के बीच जनप्रतिनिधियों,अफसरों व कर्मचारियों ने पसीना बहाया।ईमानदारी से सड़कों व गलियों में सामूहिक रुप से झाडू लगाकर कचरा उठाया और सफाई की।
ऐसे चला अभियान:
नपाध्यक्ष भारती कमेडिया,सीएमओ कमलेश पाटीदार,सांसद प्रतिनिधि राजू कमेडिया,आरआई श्रीकांत बंसल,अर्जुन सरवरे पार्षद अंजना पाराशर,अनिता अग्रवाल,लोकेश,पूर्व पार्षद नर्मदा चौरसिया,पार्षद पति सुनील बघेला,पप्पू शर्मा,सफाई कर्मचारी प्रभारी संदीप कलोसिया सहित अन्य कर्मचारी सुबह 8 बजे घंटाघर चौक पर एकत्रित हुए। यहां से टीमें बनाकर काम के लिए क्षेत्र बांटे गए। पहली टीम से खेड़ीपुरा बायपास रविदास चौक से शुरूआत की। दूसरी टीम ने किराना,सराफा,पटवा,सब्जी बाजार में झाडू लगाई। एक टीम ने बड़ा मंदिर के सामने लगा सबसे बड़ा कचरे का ढेर उठाया। फिर घंटाघर से टाउनहाल,चांडक चौक,बड़ा पोस्ट आफिस तक सफाई की। यहां से टीम ने नेहरू पार्क को साफ किया।
वार्डों में गई कचरा गाड़ी,हड़ताल खत्म,आज से सुधरेगी व्यवस्था:
नपाध्यक्ष,सीएमओ ने 15 कर्मचारियों को मैजिक वाहन देकर 2 से 3 वार्डों में डोर टू डोर कचरा लेने व कचरे के ढेर उठाने भेजा। जिन्होंने गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल गाना बजाकर कचरा एकत्रित किया। खाली प्लॉटों में लगे ढेर भी उठाए। सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक शहर के 35 वार्डों से 12 ट्रॉली व 27 मैजिक भरकर कचरा उठाया। इधर रविवार को नपा प्रशासन से बातचीत के बाद हड़ताल खत्म हुई। सभी दैवेभो व स्थाई कर्मचारी सोमवार से काम पर आएंगे।
सफाई कर्मियों की बस्ती में आज कांग्रेस लगाएगी झाडू:
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत टाले ने बताया कि गांधी जयंती पर कांग्रेस व संगठन की टीम नपा के सफाई कर्मियों की बस्तियों में सफाई करेगी। उन्होंने कहा कि वे सुबह से ही पूरे शहर की सफाई के लिए निकल पड़ुते हैं। वे बारहों महीने सभी की चिंता करते हैं। ऐसे में उनकी चिंता करना हमारा नैतिक दायित्व है। उनकी जायज मांगों को भी हमने समर्थन दिया था।
इनका कहना है
नपाध्यक्ष बोलीं...
श्रमदान में अधिकारी कर्मचारी सभी ने खूब परिश्रम किया। 12 ट्रॉली व 27 मैजिक कचरा उठाया। बाजार की सडकों व गलियों में सभी ने कार्य क्षेत्र बांटकर झाडू लगाई। पार्क साफ किया। 6 दिन से चल रही हड़ताल को कांग्रेसियों ने समर्थन देकर हवा दी,उन पर फूल बरसाए। लेकिन श्रमदान में कोई नहीं आया।
-भारती कमेडिया,नपाध्यक्ष हरदा
सीएमओ बोले...
अध्यक्ष व अन्य कर्मचारियों के साथ शहर में श्रमदान कर झाडू लगाई,कचरा उठाया। सफाई कर्मचारियों से बातचीत के बाद हड़ताल खत्म हो गई है। नपा स्तर के मामले हल किए जाएंगे। शासन स्तर के उपर भेजेंगे। सोमवार से कर्मचारी काम पर आएंगे।
-कमलेश पाटीदार,सीएमओ,हरदा
सफाई संघ अध्यक्ष बोले...
नपाध्यक्ष,सीएमओ से बातचीत हुई है। उन्होंने परिषद व पीआईसी में स्थानीय स्तर से हल होने वाली मांगें रखने और शासन स्तर की मांगों के लिए वहां से पत्राचार कर प्रस्ताव भेजने का विश्वास दिलाया है। इस आधार पर हड़ताल फिलहाल स्थगित की है।
-वीरेंद्र गोहर,जिलाध्यक्ष सफाई कर्मचारी संघ
नेता प्रतिपक्ष बोले...
नपाध्यक्ष और अन्य ने मॉस्क लगाकर दस्ताने पहनकर सफाई की। कर्मचारियों को कभी यह सुविधा नहीं दी। भाजपा के 25 से ज्यादा पार्षद हैं,लेकिन 10 से ज्यादा इसमें नहीं आए। हमने सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन किया। आपने अपनी राजनीतिक चमकाने के लिए एक दिन सफाई की। हड़ताल 6 दिन से थी,पहले क्यों आप आगे नहीं आए।
-अमर रोचलानी,नेता प्रतिपक्ष नपा