
अस्पताल के बाहर विलाप करता परिवार, मृतक राकेश (फोटो सोर्स: Patrika)
Harda News :मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले गोदड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के जेठ और भतीजे ने मिलकर उसके 45 वर्षीय भाई की दराती से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन खून से लथपथ पड़े युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के अगले दिन सनसनीखेज हत्याकांड के लाइव वीडियो सामने आए हैं, जिसके चलते पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
बता दें कि, घटना की जानकारी मिलते ही करताना चौकी के थाना प्रभारी प्रकाश सोलंकी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। साथ ही, परिजन के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। फिलहाल, आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बुधवार को अलग-अलग एंगल से सामने आए दो वीडियो में हमलावरों द्वारा बाइक से जा रहे राकेश यादव को रोका गया। इसके बाद उसपर एकाएक दराती से वार शुरु कर दिए। हमलों से बेसुध होकर राकेश सड़क पर गिर गया। इसके बाद भी हमलावर उसपर वार करते रहे। इस दौरान मार्ग पर रास्ते से गुजरने वाले वाहनों की भीड़ जमा हो गई। इसी भीड़ में से किसी ने हत्या का ये सनसनीखेज वीडियो रिकॉर्ड किया है। हालांकि, सामने आया वीडियो इतना हिंसक और मार्मिक है जिसे पत्रिका द्वारा आपको दिखा पाना संभव नहीं है।
मामले की जानकारी देते हुए ग्राम गोदड़ी में रहने वाले मोहन यादव ने बताया कि, उनका भाई राकेश यादव मिस्त्री का काम करता था। मंगलवार को वो घर से काम के लिए निकले थे। वापस लौटने के दौरान उनकी बहन के जेठ लालसिंह यदुवंशी और उसके बेटे जितेंद्र ने उनके भाई राकेश पर पीछे से दराती से उनपर एकाएक हमले कर दिये। घटना की जानकारी लगते ही वे मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन आधे घंटे एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंची। इसपर वो निजी वाहन से राकेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश 4 भाइयों में सबसे बड़े थे, जिनके एक बेटा व एक बेटी है। भाई की मौत के बाद परिवार का बुरा हाल है।
मृतक के भाई मोहन ने ये भी बताया कि, करीब 8 साल पहले उनकी बहन ने आरोपी लालसिंह के भाई से प्रेम विवाह किया था। बहन के पति की मौत के बाद आरोपियों ने उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया था। तब से वे हमारे परिवार के साथ रह रही है। मोहन ने बताया कि, बहन का संपत्ति में हिस्से को लेकर अदालत में दर्ज प्रकरण चल रहा है, तब से आरोपी उनसे रंजिश रख रहे थे। मृतक के भाइयों ने ये भी आरोप लगाया कि, उनके बहनोई की हत्या भी उनके बड़े भाई ने ही की थी।
मामले की जानकारी देते हुए करताना चौकी प्रभारी प्रकाश सोलंकी ने बताया कि, गोदड़ी में हुई युवक की हत्या के मामले में प्रारंभिक जानकारी में पुरानी रंजिश का विवाद सामने आया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल, आज शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
18 Nov 2026, 4:45 PM IST
Published on:
18 Nov 2026, 4:45 PM IST
बड़ी खबरें
View Allहरदा
मध्य प्रदेश न्यूज़




