हरदा.शहर को सफाई के मामले में चकाचक रखकर स्वच्छता सर्वे में रैंकिंग पाने के लिए नगर पालिका ने बीते महीनों में लाखों रुपए खर्च कर दिए। अपनी 18 मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों द्वारा की जा रही बेमियादी हड़ताल ने व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए रुपए और सारी मेहनत को कचरा कर दिया। 260 कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से हालात बिगड़ गए हैं। रविवार को अधिकारी कर्मचारियों ने बाजार क्षेत्र में सफाई की बात कही है। सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को रैली निकालकर नारेबाजी की।
शहर में 35 वार्ड हैं। रोज करीब 28 टन गीला सूखा कचरा निकलता है। नपा 260 कर्मचारियों की मदद से शहर में सफाई करवाती है। 35 वाहन हर वार्ड में डोर टू डोर कचरा लेने जाते हैं। हड़ताल के बाद अब लोग अपने घरों के आसपास के खाली प्लॉटों में कचरा फेंक और जला रहे हैं। कई लोग मौका देखकर नालियों व नालों में भी पॉलीथिन व बोरियों में भरकर फेंक रहे हैं। हड़ताल के कारण मृत मवेशी भी नहीं उठाया जा रहे हैं,जिससे बदबू फैल रही है।
पशु फैला रहे अव्यवस्था:
शहर में लंबे समय से आवारा मवेशियों की धरपकड़ नहीं हुई। नर श्वान की नसबंदी भी नहीं हुई। ऐसे में दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा घरों के सामने,कॉलोनियों में और सड़कों पर तथा आसपास में फेंके जा रहे कचरे को पशुओं द्वारा भोजन की तलाश में फैलाया जा रहा है। जो हवा चलने पर सड़कों पर बिखर रहा है। नालियां चोक होने से बदबू बढ़ रही है।
सब्जी व फल् वाले भी दूषित सामग्री खुलेआम रोड पर डाल रहे हैं। जिसे फैलाकर पशु इसे और परेशानी बढ़ा रहे हैं।
सफाईकर्मियों की हड़ताल,रैली निकाली,कांग्रेस का समर्थन
अपनी विभिन्न 18 मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से रैली निकाली। इसमें शामिल महिलाएं और पुरुष कर्मचारी हाथों में झाडू उपर की ओर उठाए हुए नारेबाजी करते हुए चल रहे थे।
कांग्रेस ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए समर्थन दिया।रास्ते में स्टॉल लगाकर उन्हें ठंडा पानी पिलाया।नपा के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने बताया कि हड़ताल के कारण पूरे शहर की व्यवस्था बिगड़ गई है।सड़कों पर कचरो के ढेर लगे हैं। खाली प्लाटों में लोग कचरा फेंक रहे हैं। मृत मवेशियों के शवों को दूसरे पशु खा रहे हैं। बदबू से आसपास के रहवासी परेशान हैं। सफाई के अभाव में नालियां चोक हैं। लोग नालों में कचरा डाल रहे हैं। खाली प्लॉटों में कचरा जलाने से प्रदूषण बढ़ रहा है। मौसमी बीमारियों के फैलने का अंदेशा है। इस दौरान सईद खान,युकां नेता धर्मेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य कांग्रेसी भी मौजूद रहे।
इनका कहना है
सफाई कर्मचारियों की मांगें शासन स्तर की हैं,वहीं से निर्णय होना है। अध्यक्ष,पार्षदों व जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा है। रविवार को घंटाघर बाजार क्षेत्र में
हम सफाई करेंगे।
कमलेश पाटीदार, सीएमओ,हरदा