स्वास्थ्य

दर्द कम करने के लिए दुपट्टे से बांधते हैं पैर? तो हो सकता है Calf Muscle Pain, Mayo Clinic से जानें कारण

Calf Muscle Pain: काफ मसल्स में दर्द और ऐंठन होने पर क्या करना चाहिए और कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए? आइए क्लीवलैंड क्लिनिक और मेयो क्लिनिक से जानते हैं।
2 min read
Sep 08, 2026
Leg Muscle Pain, Muscle Cramps
Calf Muscle Cramps क्यों होता है? (representative image) image credit Magnific

Calf Muscle Cramps: चलने, दौड़ने या ज्यादा शारीरिक मेहनत करने के बाद पैरों में दर्द या ऐंठन होना आम समस्या है। खासतौर पर पिंडली की मांसपेशियों यानी काफ मसल्स (Calf Muscles) में अचानक खिंचाव या तेज दर्द महसूस हो सकता है। मांसपेशियों में ऐंठन कुछ सेकंड से लेकर कुछ मिनट तक रह सकती है और ऐंठन खत्म होने के बाद भी उस जगह पर कई घंटों या कभी कभी दिनों तक दर्द या जकड़न महसूस हो सकती है। लेकिन कुछ लोगों में यह दर्द इतना ज्यादा हो जाता है कि उन्हें पैर को कपड़े से बांधने की जरूरत महसूस होती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है और क्या करना चाहिए।

काफ मसल्स में दर्द और ऐंठन क्यों होती है

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, काफ मसल्स में दर्द के कई कारण हो सकते हैं। इनमें मांसपेशियों में ऐंठन, मांसपेशियों में खिंचाव, चोट, टेंडन में सूजन और पैरों में ब्लड फ्लो से जुड़ी समस्या हो सकती है। कई बार निचले पैर में खून का थक्का यानी डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) भी काफ मसल्स में दर्द का कारण बन सकता है।

ज्यादा एक्सरसाइज और पानी की कमी से हो सकती है ऐंठन

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, मांसपेशियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ने या उन्हें अधिक खींचने से ऐंठन हो सकती है। खासतौर पर ज्यादा मेहनत करने, गर्मी में एक्सरसाइज करने या शरीर में पसीने के जरिए ज्यादा तरल पदार्थ निकलने पर मांसपेशियों में ऐंठन होने की संभावना बढ़ सकती है। इसके अलावा, शरीर में पोटैशियम, कैल्शियम या मैग्नीशियम जैसे कुछ मिनरल्स की कमी भी पैरों में ऐंठन से जुड़ी हो सकती है।

काफ मसल्स में ऐंठन होने पर क्या करें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, अगर काफ मसल्स में ऐंठन या दर्द हो तो प्रभावित मांसपेशी को धीरे धीरे स्ट्रेच करने से राहत मिल सकती है। अगर दर्द किसी हल्की मांसपेशीय चोट से जुड़ा है तो आराम करना, दर्द वाली जगह पर कपड़े में लपेटकर आइस पैक या ठंडी सिकाई करना और पैर को ऊंचा रखना मददगार हो सकता है। इसके अलावा दर्द होने पर जबरदस्ती चलने या दौड़ने से बचना चाहिए।

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, ऐंठन से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहें। इसके अलावा एक्सरसाइज से पहले और बाद में मांसपेशियों की हल्की स्ट्रेचिंग करने से ऐंठन का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। रात में पैरों में ऐंठन की समस्या होती है तो सोने से पहले हल्की स्ट्रेचिंग भी की जा सकती है।

कब दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए

अगर काफ मसल्स में अचानक या बहुत तेज दर्द हो, पैर में सूजन दिखाई दे, त्वचा का रंग बदल जाए, चलने या पैर हिलाने में परेशानी हो, बिना किसी शारीरिक गतिविधि के अचानक काफ मसल्स में दर्द शुरू हो जाए या आराम करने के बावजूद दर्द बना रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
08 Sept 2026 04:12 pm
Published on:
08 Sept 2026 04:04 pm