बैंगलोर

गरीब मरीजों के लिए मुफ्त एमआरआइ और सीटी स्कैन सुविधा जल्द

- जेएमएच की दूसरी डायलिसिस इकाई, सीटी स्कैन मशीन के उद्घाटन के बाद बोले स्वास्थ्य मंत्री - मरीजों की पूछी कुशलक्षेम

2 min read
Feb 05, 2024
गरीब मरीजों के लिए मुफ्त एमआरआइ और सीटी स्कैन सुविधा जल्द

हम सभी केवल सकल घरेलू उत्पाद (gross domestic product) के बारे में बात करते हैं, लेकिन प्रति व्यक्ति आय के बारे में भूल जाते हैं। हमें यह देखना होगा कि स्वास्थ्य और शिक्षा में प्रति व्यक्ति निवेश कितना है। Karnataka सरकार सभी जिला अस्पतालों में गरीब मरीजों के लिए मुफ्त एमआरआइ और सीटी स्कैन सुविधा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने इस परियोजना को अपनी मंजूरी दी है। आशा किरण परियोजना के तहत चार जिलों में 33 हजार से ज्यादा नि:शुल्क नेत्र सर्जरी की गई है। ढाई लाख लोगों को मुफ्त चश्में मिलेंगे। 42 तालुकों को मेडिकल कॉलेजों से संचालित टेली-आइसीयू से जोड़ा गया है। इस वर्ष 60 और तालुक जोड़े जाएंगे। सरकार ने पूरे राज्य में 800 नई डायलिसिस मशीने लगाई हैं। अब हर तालुक में डायलिसिस सुविधा है।

ये बातें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडूराव ने कही। वे रविवार को चिकबल्लापुर स्थित जैन मिशन अस्पताल (जेएमएच) की दूसरी डायलिसिस इकाई और सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने अस्पताल का दौरा किया और भर्ती मरीजों से कुशलक्षेम पूछी।

सामाजिक प्रतिबद्धता, ईमानदारी, नैतिकता महत्वपूर्ण

Jain Mission Hospital के अध्यक्ष Dr. Narpat Solanki के नेतृत्व में अस्पताल के परोपकारी कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण विषय है। जेएमएच अस्पताल के कारण चिकबल्लापुर सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों की परेशानी कम हुई है। विशेषकर चिकित्सा के क्षेत्र में सामाजिक प्रतिबद्धता, ईमानदारी और नैतिकता बहुत महत्वपूर्ण है। डॉ. सोलंकी इसके सर्वश्रेष्ठ उदाहरण हैं। यह भी सच है कि अकेले सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र की सभी जरूरतों को पूरा नहीं कर सकती है।

डेढ़ लाख से अधिक मरीज लाभान्वित

डॉ. नरपत सोलंकी ने कहा कि 90 फीसदी उपकरण रोटरी ने उपलब्ध कराए हैं। रोटरी वैश्विक अनुदान परियोजना के तहत सीटी स्कैन सुविधा के साथ डायलिसिस इकाई का विस्तार हो सका। घनश्याम अग्रवाल ने सीटी स्कैन मशीन और अजित कुमार राय ने सात डायलिसिस मशीन दान की।

उन्होंने कहा कि अब तक डेढ़ लाख से अधिक मरीज लाभान्वित हुए हैं। अस्पताल में 100 बिस्तर की क्षमता है। फिलहाल 60 बिस्तर ही कार्यरत हैं। आठ बिस्तरयुक्त आइसीयू सूविधा है। सीटी स्कैन सुविधा से ट्रॉमा केसेस को देखने में मदद मिलेगी। वैकल्पिक उपचार के लिए आयुर्वेदिक केंद्र खोलने की योजना है। अस्पताल कैंसर निदान पर भी काम करेगा। ट्रस्टियों के सहयोग के बिना जेएमएच का मिशन कामयाब नहीं होता। डॉ. सोलंकी ने स्वास्थ्य मंत्री को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को बड़े पैमाने पर लागू करने में हर सहयोग का आश्वासन दिया।

Published on:
05 Feb 2024 05:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर