
(चंडीगढ़): हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि बुधवार को स्वतंत्रता दिवस हरियाणा के लिए खास होगा। इस दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा के पहले हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही हिसार से चण्डीगढ़ व दिल्ली की उड़ाने विधिवत रूप से संचालित हो जाएंगी।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आम आदमी को सस्ती हवाई यात्रा उपलब्ध करवाने की योजना के तहत देश में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। इसके लिए उड़ान योजना लागू की गई है। हरियाणा के हिसार हवाई अड्डे को इस योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि मैसर्ज पिनाकले एयरवेज लि. ने हिसार से चण्डीगढ़ व हिसार से दिल्ली हवाई रुट की सेवाएं देने के लिए एक सप्ताह में दोनों रुटों पर 6 फ्लाइट शुरू की सहमति दी है। उन्होंने बताया कि इस हवाई अड्डे के निर्माण पर 12.36 करोड़ रुपये खर्च हुए है और विभाग ने इसे रिकॉर्ड टाइम में तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि नागरिक विमानन क्षेत्र में तेजी से बढ़ते अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए सरकार ने प्रदेश के पांच मौजूदा हवाई पट्टियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है । उन्होंने बताया कि करनाल, पिंजौर, भिवानी और नारनौल में चार हवाई पट्टियों का 5000 फुट तक विस्तार किया जाएगा ताकि मध्यम आकार के विमानों को पार्किंग, सब-बेसिंग, फ्लाइंग प्रशिक्षण के साथ-साथ साहसिक खेलों जैसी विभिन्न गतिविधियों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके । इसके लिए विभाग द्वारा पहले ही अभिरूचि की अभिव्यक्ति प्रकाशित की जा चुकी है । उन्होंने बताया कि हिसार में अगले वर्ष के अंत तक बेहतरीन लैंडिग सुविधाओं के साथ हवाई पट्टी का 9000 फुट तक विस्तार किया जाएगा । जहां इसके विकास के दूसरे चरण में बड़े विमानों के लिए पार्किंग, बेसिंग और रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधाएं होंगी ।