
5 साल से साथ रह रही लिव-इन पार्टनर की हत्या कर पहुंचा थाने
Boyfriend Kills Live In Partner Hisar: हरियाणा के हिसार से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शिव कॉलोनी (महावीर कॉलोनी) में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 30 साल की महिला की उसके ही बॉयफ्रेंड ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए बोला कि 'मैंने पूजा का खून कर दिया है।' आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
आपको बता दें कि पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महिला पूजा की इससे पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं। पिछले करीब 5 साल से पूजा अपने दो बच्चों को साथ लेकर गौरव नाम के युवक के साथ शिवनगर (महावीर कॉलोनी) स्थित एक मकान में लिव-इन पार्टनर के तौर पर रह रही थी। दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में तल्खी आ गई थी।
बुधवार रात को पूजा और गौरव के बीच किसी बात को लेकर भयंकर झगड़ा हुआ। आरोपी गौरव को शक था कि पूजा किसी अन्य युवक के संपर्क में है और उससे बात करती है। इसी विवाद और शक के चलते गौरव ने गुस्से में आकर घर में रखे चाकू से पूजा पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चाकू के हमलों से लहूलुहान पूजा ने तड़प-तड़पकर कमरे के अंदर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर लाश के पास ही रहा। वीरवार सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच वह खुद ही सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और सरेंडर कर दिया। आरोपी ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी पत्नी (लिव-इन पार्टनर) को मार डाला है। युवक की बात सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आरोपी के कबूलनामे के तुरंत बाद पुलिस उसे साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। कमरे का नजारा देखकर पुलिस भी सन्न रह गई, जहाँ पूजा का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सील कर दिया। इसके बाद फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और सबूत एकत्रित किए।
मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि हिसार पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद कर कब्जे में ले लिया है। आरोपी गौरव को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतका के परिजनों से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
02 Jul 2026 05:33 pm
