हिसार

हरियाणा में सियासी पारा परवान पर,आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू!

प्रदेश में सत्तारूढ भाजपा जहां केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की चार साल की उपलब्धियों के साथ आगामी चुनावों के प्रचार में जुट गई है वहीं विपक्ष भी अपनी दलीलों के साथ जनता के बीच पहुंच गया है...
2 min read
• •
Jun 10, 2018
Bhupendra Singh Hooda and  Manohar Lal Khattar
Bhupendra Singh Hooda and Manohar Lal Khattar

राजेंद्र सिंह जादौन की रिपोर्ट....

(हरियाणा): हरियाणा में सियासी जंग का पारा परवान पर है। प्रदेश में सत्तारूढ भाजपा जहां केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की चार साल की उपलब्धियों के साथ आगामी चुनावों के प्रचार में जुट गई है वहीं विपक्ष भी अपनी दलीलों के साथ जनता के बीच पहुंच गया है। इस मुहिम में जो खास नजारा सामने आया है वो यह कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपने रोड शो में कह रहे हैं कि हथकडियां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का इंतजार कर रही हैं वहीं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पलटवार करते हुए कह रहे हैं कि यह घोटालों की सरकार है।

यह है सीएम का चुनावी मूल मंत्र

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने रोड शो का यह मंत्र बना लिया है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री तो पहले से जेल में बैठा है और दूसरा हथकडियों का इंतजार कर रहा है। जेल में अभी पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला है। चौटाला को जेबीटी टीचर्स भर्ती घोटाले में सीबीआई अदालत ने दस साल के कारावास की सजा सुनाई थी। ओमप्रकाश चैटाला तिहाड जेल में है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ मानेसर भूमि अधिग्रहण मामले में सीबीआई आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।

हुड्डा निकाल रहे जनक्रांति रथ यात्रा

इस सियासी जंग के बीच भूपेन्द्र सिंह हुड्डा अपनी जनक्रांति रथयात्रा निकाल रहे हैं। पानीपत जिले के समालखा से शुरू की गई रथयात्रा में भीड तो उमडती दिखाई देती है। लेकिन भूपेन्द्र हुड्डा भी दावा कर रहे हैं कि उनकी इस यात्रा को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। हुड्डा ने रोहतक में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ऐसी गर्मी में भी लोग उनके समर्थन में मैदान में आ रहे हैं।

किराना के सामान की तरह बेच दी सरकारी नौकरियां

उन्होंने कहा कि किसान-मजदूर, व्यापारी-कर्मचारी सभी इस सरकार से नाखुश है। यह सरकार घोटालों की सरकार है। सरकार का हाजमा इतना मजबूत है कि यह रेत-पत्थर,दवाइयां और गरीब की दाल सभी कुछ हजम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में हरियाणा ऐसा पहला प्रदेश है जहां कि कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष को निलंबित किया गयां। आयोग ने परचून के सामान की तरह नौकरियां बेची हैं। खिलाडियों की पेशेवराना आय से सरकार द्वारा हिस्सा लेने के नियम को भी हुड्डा ने गलत करार दिया।


प्रदेश में बनेगी बीजेपी की सरकार-सीएम

बहरहाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल दावा कर रहे हैं कि भाजपा हरियाणा में फिर सरकार बनाएगी जबकि हुड्डा कह रहे हैं कि उनकी जनक्रांति रथयात्रा सत्ता परिवर्तन और व्यवस्था परिवर्तन के साथ ही थमेगी। उधर मुख्य विपक्षी दल बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन के बाद दावा कर रही है कि गठबंधन का सत्ता में आना तय है। सभी दलों ने अपने चुनाव घोषणापत्र भी अनौपचारिक रूप से जारी कर दिए है।

Published on:
10 Jun 2018 03:08 pm
Also Read
View All