एटीएम के खांचों में बदलाव नहीं होने के कारण बनी स्थिति
होशंगाबाद। नोटबंदी के बाद आए नए सौ रुपए के नोट के लिए अब भी एटीएम तैयार नहीं हुए हैं। इस कारण इस साल भी एटीएम से सौ रुपए के नए नोट निकलना संभव नहीं हो सका। अब यह नए साल में ही निकल पाएंगे। दरअसल 100 रुपए के नए नोट छोटे आकार का है, उसके आकार के खांचे एटीएम मशीन में नहीं हैं। जिले के 145 एटीएम में इसके लिए बदलाव किया जाना है। लीड बैंक मैनेजर आरके त्रिपाठी ने बताया कि बैंकों में नए नोट की सप्लाई शुरू हो गई है लेकिन अभी इसका लोगों तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल है। कई शहरों में तो इनकी सप्लाई भी नहीं की गई है। अभी यह सिर्फ बैंकों से रकम निकालने वालों को ही मिल पा रहे हैं। एटीएम से पुराने सौ के नोट ही निकल पाते हैं, इस कारण सौ रुपए की कमी बनी हुई है।
अब नए नोट का आकार हो गया है छोटा
जानकारी के अनुसार बैंक अधिकारी के अनुसार बंैगनी रंग के इस 100 रुपए के नोट का साइज 500 के नए नोट के बराबर है। नए रंगों और डिजाइन में बदलाव इनकी सिक्यूरिटी को देखते हुए किया गया है। इस कारण एटीएम से नहीं निकल पा रहे।
145 एटीएम में होगा बदलाव
जिलेभर में विभिन्न बैंकों के 145 एटीएम हैं। जिन्हें 100 रुपए के नए नोट के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके हिसाब से मशीन के अंदर खांचे तैयार किए जा रहे हैं। यह काम नए साल के पहले होना संभव नहीं हैं।
हैड ऑफिस से होगी निगरानी
जिलेभर के एटीएम को नए नोट के हिसाब से तैयार करने का काम जारी है। पहले ग्रामीण स्तर पर यह कम किया जा रहा है, फिर शहरी क्षेत्र में किया जाएगा। बैंकों के हैड ऑफिस से निगरानी की जाएगी।
आरके त्रिपाठी, लीड बैंक मैनेजर