जिला पंचायत, वन, उद्यानिकी और रेशम विभाग की नर्सरियां में तैयार हो रहे पौधे
होशंगाबाद। बारिश शुरू होते ही सभी विभाग अब हरियाली महोत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस बार होशंगाबाद जिले में १८ लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न नर्सरियों में पौध तैयार की जा रही है। १5 जुलाई से पौधरोपण अभियान शुरू होगा। इस दौरान पिछले वर्षों में लगाए गए पौधों की जीवितता का सर्वे भी किया जाएगा। जहां पौधे नष्ट हो गए हैं, उन स्थानों पर नए सिरे से पौधे लगाए जाएंगे। विभागों को पौधों की सुरक्षा के इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ये विभाग भी लगाएंगे पौधे : जिले में वन विभाग ने 13 लाख 43 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तैयार किया है। इसमें सागौन, शीशम, खखरा सहित अन्य वन्य प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। कुछ वन क्षेत्र की बीटों में पौधरोपण शुरू कर दिया है। उद्यानिकी विभाग भी डेढ़ लाख फलदार पौधे लगाएगा। इसके लिए नर्सरियों में पौधे तैयार हो गए हैं। जिला रेशम विभाग इस बार 2 लाख शहतूत के पौधे लगाएगा। होशंगाबाद, बैतूल और हरदा जिला मिलाकर 5 लाख पौधे का लक्ष्य लिया गया है।
वहीं कलेक्टर प्रियंका दास ने बताया कि जिले में पौधरोपण के लिए विभागवार लक्ष्य तैयार किए गए हैं। कार्यों की डीपीआर बन गई है। जिला पंचायत, वन, रेशम, उद्यानिकी के साथ ही नगरीय निकाय, निर्माण विभागों को अच्छी क्वीलिटी के पौधे तैयार कर रोपण व सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 जुलाई से पौधरोपण शुरू होगा।
जिला पंचायत को तीन लाख का टारगेट
जिला पंचायत द्वारा पौधरोपण के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। करीब तीन लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। जिले की सातों जनपदों को अलग-अलग लक्ष्य मिला है। 334 ग्राम पंचायतों के 426 ग्रामों व 180 ब्लाक प्लाटेंशन के कार्य के लिए चयनित किए गए हैं। जिसमें सामुदायिक तौर पर 133 व नहर किनारे 31 एवं किसानों के निजी खेतों 292 व मेढ़ों 21 प्लाटेंशन के कार्य किए जाएंगे। उद्यानिकी विभाग से एक लाख 24 हजार पौधे सप्लाई करने का कहा गया है। सिवनीमालवा, केसला, होशंगाबाद, बाबई, सोहागपुर, पिपरिया और बनखेड़ी जनपद क्षेत्रों में एक साथ पौधरोपण होगा। पौधे पंचायतें लगवाएंगी।