नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से विश्व कल्याण का संकल्प, संत सान्निध्य में होगा विशेष आयोजन
जाप से सकारात्मक ऊर्जा का संचार
नवकार महामंत्र जैन धर्म का सबसे पवित्र और सार्वभौमिक मंत्र माना जाता है, जिसे मंत्रों का रत्न कहा गया है। इसकी विशेषता यह है कि यह किसी एक देव, गुरु या व्यक्ति की नहीं, बल्कि अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु जैसे श्रेष्ठ गुणों की वंदना करता है। यही कारण है कि यह मंत्र आत्मशुद्धि, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। मान्यता है कि इसके जाप से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और तनाव व अशांति दूर होती है। ऐसे ही वैश्विक संदेश के साथ विश्व नवकार दिवस गुरुवार को मनाया जाएगा।
साधना के माध्यम से आध्यात्मिक शांति का अनुभव
जीतो हुब्बल्ली चैप्टर के मुख्य सचिव प्रवीण जैन सिवाना ने बताया कि हुब्बल्ली में इस अवसर पर गुरुवार को सुबह 8 बजकर 1 मिनट से 9 बजकर 36 मिनट तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप होगा और निर्धारित समय तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु ध्यान और साधना के माध्यम से आध्यात्मिक शांति का अनुभव करेंगे। यह आयोजन आचार्य विमल सागर सूरीश्वर सहित अन्य साधु-साध्वियों के सान्निध्य में होगा। चतुर्विध संघ की निश्रा में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी, जिससे आयोजन को व्यापक सामाजिक स्वरूप मिलेगा। यह आयोजन किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब चारों ओर अशांति और तनाव का वातावरण है, ऐसे में नवकार महामंत्र का जाप लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
मंत्र की महिमा और सामाजिक संदेश
जीतो मुख्य विंग के कन्वीनर शरद मोमाया, महिला विंग की अध्यक्ष गीता चेड्डा और महिला विंग कन्वीनर संगीता संघवी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नवकार महामंत्र केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सामूहिक जाप से समाज में एकता, भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा मिलता है, जो आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सम्मान और सहभागिता
जीतो हुब्बल्ली चैप्टर के मुख्य सचिव प्रवीण जैन सिवाना ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विश्व शांति और कल्याण की कामना के साथ प्रार्थना की जाएगी तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। इस मौके पर जीतो हुब्बल्ली चैप्टर के निदेशक नवीन खींवेसरा, निदेशक धर्मेन्द्र तातेड़, महिला विंग की उपाध्यक्ष चेतना मोमाया, महिला विंग की सचिव चेतना शाह, केकेजी जोन के कन्वीनर भरत पटवारी, जीतो की शिल्पा भंडारी, भाग्यवती चौपड़ा. रक्षिता तालेड़ा समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।