कर्नाटक के हावेरी जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब केएसआरटीसी (राज्य परिवहन) सेवा की चलती बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस में सवार सभी 17 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार, बस बेंगलूरु से गदग जा रही थी। रास्ते में रानेबेन्नूर तालुक के देवरुद्द गांव के पास कर्नाटक हाईवे पर चलते समय अचानक बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
चालक की सूझबूझ बनी जीवन रक्षक
बस के चालक पक्कीरप्पा ने जैसे ही बस में आग और धुआं देखा, तुरंत वाहन रोक दिया और यात्रियों को तेजी से बाहर निकालने में जुट गए। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते सभी 17 यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही रानेबेन्नूर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की पड़ताल जारी है।