हुबली

नेत्रहीन बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन, राखी बांधकर बढ़ाया अपनत्व

राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली एवं रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को गवर्नमेंट स्कूल फॉर ब्लाइंड चिल्ड्रन हुब्बल्ली में नेत्रहीन बच्चों के साथ रक्षाबंधन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों के हाथों पर राखी बांधी गई। तिलक-अक्षत लगाकर आरती उतारी गई और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। राखी बंधवाकर बच्चे खुशी से झूम उठे।
3 min read
रक्षाबंधन महोत्सव में हाथों पर बंधी राखियां दिखाकर खुशी से झूमते नेत्रहीन बच्चे।
रक्षाबंधन महोत्सव में हाथों पर बंधी राखियां दिखाकर खुशी से झूमते नेत्रहीन बच्चे।

मेहनत और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें
रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर की अध्यक्ष मीनल शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप भले ही देख नहीं सकते, लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के साथ संगीत एवं गायन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने बहुत अच्छी प्रस्तुति दी और ईश्वर ने उन्हें बहुत अच्छा कंठ दिया है। मीनल शाह ने कहा कि बच्चों ने आगे बढऩे का लक्ष्य तय किया है, इसलिए उन्हें स्वयं को कभी हीन या छोटा नहीं समझना चाहिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पडऩे पर रोटरी क्लब भविष्य में भी इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियों में सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर की अध्यक्ष मीनल शाह बच्चों के बीच खुशियां बांटते हुए।

ब्रेल लिपि से पढ़ाई की जानकारी दी
स्कूल की सुपरीटेन्डेन्ट शमशाद बेगम कन्दागल ने बताया कि नेत्रहीन बच्चे किस तरह कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने ब्रेल लिपि की जानकारी देते हुए बच्चों की शिक्षा और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया।

रक्षाबंधन महोत्सव में मंचासीन अतिथि।

पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की दी जानकारी
राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी और रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह, विश्वास और अपनत्व का पर्व है। समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करना ही सामाजिक सरोकारों की सार्थकता है।

रक्षाबंधन महोत्सव में रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर के पदाधिकारी एवं स्कूल के शिक्षक।

बच्चों ने दी शानदार गायन प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के बच्चों की प्रार्थना प्रस्तुति से हुई। बच्चों ने स्वयं वाद्य यंत्र बजाते हुए हारमोनियम और तबले पर शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

रक्षाबंधन महोत्सव में आरती उतारते हुए महिलाएं।

गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
जूनियर वर्ग में रोहित प्रथम, प्रवीण नागेलिया द्वितीय एवं अक्षय तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में हनुमा रेड्डी प्रथम, मल्लप्पा चेन्नाप्पनवर द्वितीय एवं रफीक तृतीय रहे। गायन प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

गायन प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान करतीं रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर के सदस्य।

शाल ओढ़ाकर किया सम्मान
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर की अध्यक्ष मीनल शाह ने शाल ओढ़ाकर स्कूल की सुपरीटेन्डेन्ट शमशाद बेगम कन्दागल का सम्मान किया। क्लब की संयुक्त सचिव मेघना लोडाया ने स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका लक्ष्मी बड्डी का सम्मान किया। क्लब सदस्य अर्चना एवं सामाजिक कार्यकर्ता भावेश शाह भी उपस्थित रहे।

स्कूल की सुपरीटेन्डेन्ट शमशाद बेगम कन्दागल का शाल ओढ़ाकर सम्मान करतीं रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर की अध्यक्ष मीनल शाह।

विद्यालय को ग्राइंडर भेंट
रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर के वरिष्ठ सदस्य विक्रम जैन मांडौत ऐलाना परिवार की ओर से विद्यालय के लिए ग्राइंडर भेंट किया गया। इस दौरान बच्चों को उपहार भी दिए गए। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों के साथ आत्मीयता के ये पल पूरे आयोजन का विशेष आकर्षण रहे।

विद्यालय को ग्राइंडर भेंट करतीं रोटरी क्लब ऑफ विद्यानगर की अध्यक्ष मीनल शाह एवं अन्य पदाधिकारी।
रक्षाबंधन महोत्सव के दौरान खुशी मनाते नेत्रहीन बच्चे एवं क्लब के पदाधिकारी।
Updated on:
27 Aug 2026 07:42 pm
Published on:
27 Aug 2026 07:15 pm