हुबली

राजस्थान मूल के कांतिलाल पुरोहित व शांतिलाल ओस्तवाल सहित छह होंगे वाणिज्य रत्न से सम्मानित

कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केसीसीआई) के 98वें स्थापना दिवस समारोह में इस वर्ष उत्तर कर्नाटक के छह प्रमुख उद्योगपतियों को प्रतिष्ठित वाणिज्य रत्न सम्मान से नवाजा जाएगा। राजस्थान मूल के कांतिलाल पुरोहित एवं शांतिलाल ओस्तवाल को भी वाणिज्य रत्न से नवाजा जाएगा। यह समारोह एक अगस्त को शाम चार बजे जेसी नगर स्थित चंद्रवदन देसाई हॉल में आयोजित होगा, जिसमें उद्योग और व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
less than 1 minute read
राजस्थान मूल के कांतिलाल पुरोहित एवं शांतिलाल ओस्तवाल।
राजस्थान मूल के कांतिलाल पुरोहित एवं शांतिलाल ओस्तवाल।

इन उद्योगपतियों को मिलेगा सम्मान
समारोह में किर्लोस्कर फेरस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवींद्रनाथ गुमास्ते मुख्य व्याख्यान देंगे। वहीं, विधायक महेश टेंंगिनकाई मुख्य अतिथि होंगे तथा केसीसीआई के अध्यक्ष जी.के. अडप्पागौडर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस वर्ष वाणिज्य रत्न सम्मान पाने वालों में हुब्बल्ली के गोविंद वी. जोशी (एबल डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग प्रा. लि.), ब्याडगी के राजशेखर एस. मगनूर (मगनूर एंड कंपनी), नंदिकेश्वर के एम.बी. हंगरागी (कुमारेश्वर ऑयल इंडस्ट्रीज), हुब्बल्ली के शांतिलाल ओस्तवाल (कॉटसीड्स कॉरपोरेशन), हुब्बल्ली के कांतिलाल एम. पुरोहित (राजगुरु बुक मैन्युफैक्चरर्स) तथा सावनूर के सुमंथ आर. सिंधुर (पी.वी. सिंधुर) शामिल हैं।

उद्योग विकास पर रहेगा फोकस
केसीसीआई स्थापना दिवस समिति के अध्यक्ष शंकरन्ना मुनवल्ली ने बताया कि क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य उद्योगपतियों को भी नवाचार और निवेश के लिए प्रेरित करना है। केसीसीआई अध्यक्ष जी.के. अडप्पागौडर ने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। इसमें धारवाड़ के निकट प्रस्तावित एफएमसीजी क्लस्टर में भूमि की कीमत कम करने और उत्तर कर्नाटक में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।

एमएसएमई के लिए नई पहल
केसीसीआई के मानद सचिव उदय एम. रेवणकर ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं के सहयोग से नई पहल शुरू की जाएगी। उनका कहना है कि इससे स्थानीय उद्योगों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

Updated on:
31 Jul 2026 09:07 pm
Published on:
31 Jul 2026 09:06 pm
Also Read
View All