अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन हुब्बल्ली के इस मंदिर में होगा विशेष धार्मिक आयोजन
अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर की प्रतिष्ठा महोत्सव को देखते हुए कर्नाटक में भी विभिन्न राम मंदिरों में इस दिन कई धार्मिक आयोजन होंगे। हुब्बल्ली के राम मंदिरों में भी महोत्सव आयोजित करने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शहर के अरलीकट्टी ओनी स्थित श्रीराम मंदिर में भी इस दिन खास आयोजन होंगे। इस दिन हवन-पूजन के साथ ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
अरलीकट्टी ओनी स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम के साथ ही लक्ष्मण, सीता व हनुमान की प्रतिमाएं हैं। ये प्रतिमाएं राजस्थान के संगमरमर से बनी हैं। राम एवं लक्ष्मण ने जहां हाथ में धनुष बाण ले रखा है वहीं पास में हनुमान हाथ जोड़े मुद्रा में हैं। मंदिर परिसर में ही भगवान गणेश एवं दत्तात्रेय भगवान की प्रतिमाएं हैं। ये भी संगमरमर से बनी है। एसएसके अरलीकट्टी ओनी पंच ट्रस्ट कमेटी मंदिर की देखरेख कर रही है।
राम भक्तों में उत्साह
अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्रतिष्ठा महोत्सव को देखते हुए एक बार फिर हुब्बल्ली शहर के राम मंदिरों को निखारा जाने लगा है। इस दिन विभिन्न मंदिरों में उत्सव का आयोजन करने की योजना बनाई गई है। अयोध्या मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर रामभक्त विभिन्न इलाकों में अक्षत देकर राम भक्तों को निमंत्रण दे रहे हैं। इस दिन विभिन्न घरों में भी दीपक जलाने का आग्रह रामभक्तों से किया गया है। अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर राम भक्तों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। लोग इस दिन स्वेच्छा से अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
रामनवमी को विशेष आयोजन
मंदिर के पुजारी नागराज पवार ने बताया कि उनका परिवार लम्बे समय से यहां पूजा-पाठ कर रहा है। रामनवमी के दिन यहां भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाता हैं। इस दिन सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जाता है। दिनभर भजन-कीर्तन समेत अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं। मंदिर में रोजाना सुबह-शाम आरती के साथ अन्य धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। रोजाना आसपास के इलाकों से राम भक्त दर्शन के लिए आते हैं। भक्तों की राम के प्रति अगाढ़ आस्था एवं श्रद्धा है।
...
इस दिवस को खास बनाया जाएगा
अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर की प्रतिष्ठा होने जा रही है। यह दिन हम सभी के लिए खास है। इस दिन मंदिर में भी विभिन्न धार्मिक आयोजनों की योजना बनाई जा रही है। पूजन समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन को खास बनाया जाएगा।
- नारायण पवार, अध्यक्ष, एसएसके अरलीकट्टी ओनी पंच ट्रस्ट कमेटी।