बच्चे ने जिस समय इस घटना को अंजाम दिया, उससे कुछ देर पहले ही वो अपने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह घर में आया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 12 साल के बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि बच्चे ने जिस समय इस घटना को अंजाम दिया, उससे कुछ देर पहले ही वो अपने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह घर में आया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल अबतक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने इस तरह अपनी जान क्यों दी।
फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले 12 वर्षीय बच्चे का नाम वंश है, जिसके पिता का नाम सुनील मोर्य है जो शहर के सिंधी कॉलोनी में रहता था। पुलिस तफ्तीफ में सामने आया है कि वंश अपने पिता और दादा-दादी के साथ रहता था। उसकी मां उसे एक साल पहले छोड़कर चली गई थी। फिलहाल, मामला सामने आने के बाद घटना स्थल पर पहुंची जूनी इंदौर थाना पुलिस मृतक के परिजन से पूछताछ कर रही है।
डॉक्टरों ने किया मत घोषित
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार शाम 4.30 से 5.30 बजे के बीच की है। बच्चे ने फांसी क्यों लगाई इसके स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वंश स्कूल से आने के बाद बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। वही उसके परिजन काम पर गए हुए थे। घर में बीमार दादी थी। वंश आया और अंदर से कमरे का दरवाजा लगा लिया। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। दादी ने आवाज लगाई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार दादी की आवाज सुनकर घर में आए तो देखा कि वंश का शव फांसी के फंदे पर लटका है। इस दौरान इलाके के कई अन्य लोग भी घर में आ गए और बच्चे को फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परीक्षा चल रही थी
वंश की परीक्षा चल रही थी। शुक्रवार को वो पेपर देकर ही घर लौटा था। शनिवार को भी उसका एक पेपर था। तीन पेपर हो चुके हैं। वंश का एक छोटा भाई भी है। परिजन के अनुसार उसकी मां एक साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वो दादा - दादी और पिता के साथ रहता था। उसके पिता पुताई का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।