इंदौर

इस शहर में आपके हाथों से हर रोज उड़ा देते है 30 मोबाइल

डेढ़ माह में सिटीजन कॉप पर दर्ज हुई १३५९ शिकायतें, हर माह ४५० मोबाइल ढूंढ़ती है पुलिस
2 min read
• •
Updated: 18 Mar 2018, 7:11 AM IST
mobile theft
mobile theft

इंदौर. शहर में रोजाना ३० से अधिक मोबाइल चोरी होते हैं। इनमें कुछ मामले मोबाइल स्नेचिंग से संबंधित होते हैं। थाने के चक्कर से बचने के लिए लोग अब सिटीजन कॉप ऐप पर शिकायत दर्ज करवाने लगे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस तकनीकी जांच भी करती है। अफसरों का दावा है, प्रति माह थाने, क्राइम ब्रांच व सिटीजन कॉप ऐप पर दर्ज सैकड़ों शिकायतों में से करीब ४५० मोबाइल खोज लिए जाते हैं। मोबाइल चोरी के बढ़ते ग्राफ के पीछे पुलिस लोगों का जागरूक नहीं होना मुख्य वजह मानती है।

१ फरवरी से १६ मार्च तक दर्ज सिटीजन कॉप पर शिकायतें
कुल दर्ज शिकायतें : १३५९

तकनीकी जांच में शामिल मोबाइल : २०६
ट्रेस मोबाइल : १२

सर्विलांस में : ११४१

१ फरवरी से १६ मार्च तक थानों में दर्ज शिकायतें
कुल प्राप्त शिकायतें : ३३

ट्रेस मोबाइल : १५
आइइएमआई की जानकारी नहीं देने वाले : २

१ फरवरी से १६ मार्च तक क्राइम ब्रांच में शिकायतें

कुल शिकायत : ३०
ट्रेस : १०

जांच जारी : २०

मोबाइल ढूंढक़र पहुंचाते हैं थाने
शहर में मोबाइल चोरी, गुम होना व स्नेचिंग संबंधी शिकायतें सबसे ज्यादा सिटीजन कॉप पर दर्ज होती हैं। टीम तकनीकी जांच के आधार पर मोबाइल ट्रेस करती है। वहीं जेल रोड स्थित मोबाइल मार्केट पर चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त पर भी नजर रखी जाती है। प्रतिमाह करीब ४५० मोबाइल ट्रेस होते हैं। माल जब्ती के बाद उसे शिकायतकर्ता से संबंधित थाने भेजा जाता है, ताकि उन्हें आसानी से गुम मोबाइल मिल सके। कई लोग मोबाइल सेफ्टी के लिए ट्रेकर व गुगल लोकेशन का उपयोग करते है। एेसे में गुम मोबाइल की मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

- अमरेंद्र सिंह, एएसपी क्राइम ब्रांच


दवाई खरीद रहे बुजुर्ग की जेब से मोबाइल उड़ाया

गांधी नगर थाना क्षेत्र का मामला, मेडिकल शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदेही कैद
इंदौर. मेडिकल शॉप पर दवाई खरीद रहे बुजुर्ग की शर्ट से एक संदेही महज २ मिनट में मोबाइल उड़ाकर गायब हो गया। वहां से लौटते वक्त बुजुर्ग का मोबाइल पर ध्यान गया तब उन्हें मोबाइल चोरी हो जाने का पता चला। घटनाक्रम कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस संदेही की तलाश में जुट गई है।

प्रवीण ने बताया कि उनके पिता प्रकाश किशनलाल निवासी नया बसेरा, गांधी नगर शुक्रवार को क्षेत्र में लगने वाले हाट बाजार में खरीदी करने गए थे। शाम करीब ७.३० पर वे सडक़ पर स्थित मेडिकल शॉप पर दवाई खरीद रहे थे तभी लाल शर्ट व जींस पहने एक संदेही उनके पिता के पास खड़ा हो गया। उसके हाथ में थैली थी। करीब दो मिनट की फुटेज में संदेही कई बार पिता की जेब को ढांकने का प्रयास कर रहा था। कई बार असफल होने के बाद जब दुकानदार से पिता बातचीत में व्यस्त हो गए, तब संदेही ने उनकी जेब से पलभर में करीब १३ हजार कीमत का मोबाइल उड़ा दिया। पिता घर की ओर निकले तब उन्हें अहसास हुआ की उनका मोबाइल चोरी हो गया है। वे भागते हुए मेडिकल शॉप पहुंचे। फुटेज खंगालने पर सच्चाई उजागर हुई तब वे गांधी नगर थाने शिकायत करने पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मोबाइल का आईएमईआई नंबर को तकनीकी जांच में शामिल किया है। उन्होंने मोबाइल सिम ब्लॉक करवा दी है। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज करने की बात कही है।

Published on: