इंदौर

दादा के साथ घूमकर आई 4 साल की बच्ची कार में हुई लॉक, दम घुटने से हुई मौत

MP News: गर्मी अधिक होने पर कार की पिछली सीट पर बैठे सभी बच्चे जल्दी से उतरकर घर में चले गए, लेकिन पोती पिछली सीट पर ही सो रही थी।
2 min read
May 18, 2026
4 year old girl died of suffocation after being locked in car MP News
4 year old girl died of suffocation after being locked in car (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला। शहर के माणिकबाग क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में चार साल की मासूम बच्ची की कार में बंद होने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बंद कार में ऑक्सीजन की कमी और घुटन के कारण बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्ची के पिता लोहा व्यवसायी बताए जा रहे है।

दादा के साथ बकरे देखने गई थी, सीट पर सोई रह गई

मामला जूनी इंदौर पुलिस थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक बेबी हाजरा (4) पिता हसननूर निवासी नंदनबाग, माणिकबाग की मौत हुई है। गमगीन परिजन ने पुलिस को बताया, रविवार दोपहर दादा साबिर हुसैन परिवार के बच्चों को अपनी कार से एबी रोड स्थित वर्कशॉप पर घुमाने और बकरे दिखाने ले गए थे। वहां से करीब 1 बजे उन्हें कार से घर लेकर लौटे। गर्मी अधिक होने पर कार की पिछली सीट पर बैठे सभी बच्चे जल्दी से उतरकर घर में चले गए, लेकिन पोती पिछली सीट पर ही सो रही थी। इस दौरान साबिर हुसैन कार को लॉक कर घर में चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार को बेबी हाजरा नहीं दिखी तो वे उसे घर और आसपास तलाशने लगे। इस बीच परिवार के सदस्यों ने कार में झांका तो बच्ची पिछली सीट बेहोश पड़ी हुई दिखी। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजन तुरंत उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कांच चढ़े होने से गिर गया ऑक्सीजन लेवल

कार के कांच पूरी तरह से बंद थे, जिसके बाद सभी बच्ची को हॉस्पिटल लेकर गए। ये बात भी सामने आई है कि कार की विंडो और ग्लास ऑटोमेटिक है। कार के कैबिन के कांच चढ़े होने से ऑक्सीजन लेवल गिर गया। सांस नहीं ले पाने से बच्ची को घुटन हुई और वह सीट पर ही बेहोश हो गई और उसकी जान चली गई।

सोमवार को कराया गया पोस्टमॉर्टम

पुलिस ने सोमवार को शव का जिला हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम कराया है। पीएम रिपोर्ट में बच्ची की मौत की असल वजह सामने आएगी। गमगीन परिजन ने बताया, पिता और दादा मिलकर ट्रक वर्कशॉप संचालित करते हैं। परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। जिस बच्ची की जान गई वह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
18 May 2026 09:45 pm
Published on:
18 May 2026 09:45 pm