
postal assistant urmila saini murder, उर्मिला सैनी की जीवित अवस्था की तस्वीर (source-patrika)
Indore Urmila Saini Murder: मध्यप्रदेश के इंदौर में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शहर की डाककुंज कॉलोनी की है, यहां ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली उर्मिला सैनी (38) की हत्या कर दी गई। उर्मिला डाक विभाग में पोस्टल असिस्टेंट थीं। घटना का पता शनिवार दोपहर को उस समय चला जब उर्मिला के दोनों बच्चे स्कूल से वापस लौटे। बच्चों ने घर में मां का शव देखा और नाना को फोन कर सूचना दी। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग घर में पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
डाककुंज कॉलोनी में शनिवार दोपहर को उर्मिला सैनी की हत्या होने से सनसनी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है। शव को सबसे पहले उर्मिला के दोनों बच्चों ने देखा था। बच्चे स्कूल से घर लौटे तो घर का दरवाजा खुला हुआ था और तेज आवाज में टीवी चल रही थी, अंदर पहुंचने पर उन्हें मां का खून से लथपथ शव दिखा। बच्चों ने नाना को तुरंत फोन कर घटना के बारे में बताया और इसी बीच बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग घर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। उर्मिला का पति अखिलेश सैनी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
मृतका उर्मिला के दो बच्चे हैं, बेटी 9वीं क्लास में पढ़ती है और बेटा चौथी क्लास में है। बेटी ने बताया कि पिता सुबह स्कूल आए थे और उसे घर की चाबी व एटीएम कार्ड देकर कहा था कि वो और मम्मी भोपाल जा रहे हैं। तुम दोनों स्कूल की छुट्टी होने के बाद मौसी के घर चले जाना। लेकिन बच्चे छुट्टी होने के बाद मौसी के घर न जाकर अपने घर चले आए।
पुलिस को स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि पति अखिलेश सैनी उर्मिला पर शक करता था और इसी कारण दोनों के बीच विवाद होता रहता था। वहीं उर्मिला के पिता ने बताया है कि अखिलेश कोई काम नहीं करता था और आए दिन उर्मिला से झगड़ता था। प्रारंभिक जांच में पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद को हत्या की संभावित वजह मान रही है। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस फरार पति अखिलेश सैनी की तलाश कर रही है।
Updated on:
11 Jul 2026 07:53 pm
Published on:
11 Jul 2026 07:53 pm
