‘बहुत हुई मंहगाई की मार, अबकी बार कांग्रेस सरकार’।-पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शनपैदल मार्च, रोटरी को मंच बनाकर नेताओं ने बरसते पानी में सभा की। सभी ने महंगाई के खिलाफ बात रखी।
कांग्रेस -पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन
इंदौर.
पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को जंजीरवाला चौराहा से मालवा मिल तक पैदल मार्च निकाला। 10 बजे निकाले जाने वाले मार्च के लिए राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया का 10.30 बजे तक इंतजार किया गया। इस बीच मौसम में आए बदलाव के कारण कांग्रेसी उनके बिना ही चल पड़े। बावरिया मार्च खत्म होने के समय पहुंचे।
मार्च में सभी नेता और विधान सभा चुनाव में दावेदारी जता रहे नेता समर्थकों के साथ पहुंचे। बारिश के बीच निकले मार्च में कार्यवाहक शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में प्रेमचंद गुड्डू, जीतू पटवारी, संजय शुक्ला, चिंटू चौकसे, मोहन सेंगर, सुरजीतसिंह चड्ढा, अश्विन जोशी, दीपक जोशी, छोटे यादव, अमन बजाज, राजेश चौकसे, अनिल यादव, रमेश यादव सहित अन्य नेता पैदल पहुंचे।
मालवा मिल पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव
मार्च मालवा मिल चौराहा पहुंचने पर महासचिव बावरिया प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना जायसवाल के साथ वहां पहुंचे। यहां छोटी रोटरी को मंच बनाकर नेताओं ने बरसते पानी में सभा की। सभी ने महंगाई के खिलाफ बात रखी।
भाजपा का नारा उठाया
बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा दिया गया ‘बहुत हुई महंगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार’ को बावरिया ने भाजपा के खिलाफ ही इस्तेमाल किया। उन्होंने अपने भाषण में नारा लगाया ‘बहुत हुई मंहगाई की मार, अबकी बार कांग्रेस सरकार’।
लग गया जाम
सभा से मालवा मिल चौराहे पर जाम लग गया। वहीं जंजीरवाला चौराहा की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। ऐसे में वाहन गुत्थमगुत्था होते रहे। पाटनीपुरा से मालवा मिल की ओर आने वाले रास्ते में लंबा जाम लगा था।
बैलगाड़ी से गिरे नेता
मार्च में एक बैलगाड़ी पर सवार नेता एक्टिवा के साथ खड़े थे। बैलगाड़ी चालक ने मालवा मिल पर बैलगाड़ी खड़ी कर बैलों को अलग किया, वैसे ही इस पर सवार नेता औंधे मुंह नीचे गिर गए।