सिटी बस ऑफिस परिसर में जमकर भिड़े चिंटू चौकसे और शेख अलीम, महिला पार्षद ने हाथ जोडक़र कहा- हमें तो समझ लेने दो स्वच्छता का सिस्टम
इंदौर. स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के मद्देनजर सिटी बस ऑफिस में महापौर ने कांग्रेस पार्षदों की बैठक बुलाई। इसमें नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे और पार्षद पति शेख अलीम में तू-तू-मैं-मैं हो गई। सिटी बस ऑफिस परिसर में जमकर भिड़े नेता प्रतिपक्ष और पार्षद पति में हाथापाई तक नौबत पहुंच गई। यह देख अन्य कांग्रेस पार्षदों ने मोर्चा संभाला और दोनों को अलग-अलग किया। इधर, बैठक में विवाद होते देख एक महिला पार्षद को हाथ जोडक़र यह कहना पड़ा कि हमें स्वच्छता का सिस्टम समझ लेने दो। तुम 4 से 6 बार के पार्षद रह चुके हो।
शहर को साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के मद्देनजर वार्ड स्तरीय स्वच्छता स्पर्धा शुरू की है। इसके बारे में बताने के लिए उन्होंने कल सिटी बस ऑफिस में कांग्रेस पार्षदों की बैठक रखी। बैठक शुरू होते ही महापौर भार्गव ने कहा कि सभी का एकबार परिचय हो जाए। इस पर शेख अलीम ने कहा कि इतने दिन हो गए और आप हमें जानते नहीं हो। महापौर भार्गव ने कहा कि परिचय नहीं देना हो तो कोई बात नहीं। आपको जरूरत नहीं तो रहने दो। मैं सबको जानता हूं, मगर आपको शिष्टाचार नहीं मानना तो कोई बात नहीं।
स्वच्छता को लेकर रखी गई बैठक में कांग्रेस महिला पार्षद फौजिया अलीम और उनके पति शेख अलीम ने मिलकर पहले पानी सहित अन्य समस्याओं पर बात करने कहा। इस पर महापौर भार्गव का कहना था कि वार्ड स्तरीय स्वच्छता स्पर्धा को लेकर बैठक बुलाई है। इसको लेकर अपर आयुक्त प्रजेंटेशन देंगे। इसलिए पहले यह देख लें और पानी सहित अन्य मुद्दों को लेकर बैठक के बाद बात कर लेंगे। महापौर की इस बात का समर्थन नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने किया। इसका शेख अलीम को बुरा लगा और उन्होंने बैठक में चिंटू को निशाने पर लेना शुरू कर दिया।
बैठक में चिंटू और शेख अलीम में तनातनी चलती रही। यह देख एक कांग्रेस महिला पार्षद सोनालिका मिमरोट खड़ी हुईं और सभी से हाथ जोडक़र कहा कि कोई चार बार का तो कोई छह बार का पार्षद है। मैं पहली बार की और नई हूं। इसलिए मैं स्वच्छता का सिस्टम समझना और सीखना चाहती हूं। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता को लेकर सवाल भी खड़े किए।
तुमने तो बना दिया था ब्लैकमेलिंग का अड्डा
बैठक खत्म होने के चौकसे और अलीम दोनों आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर तू-तू-मैं-मैं हुई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। चौकसे ने अलीम से कहा कि महापौर की मजबूरी नहीं कि कांग्रेस पार्षदों को बुलाकर बात करें। अगर उन्होंने स्वच्छता को लेकर बात करने बुलाया तो उस पर ही बात करना चाहिए थी। इसके साथ ही चिंटू ने अलीम को यहां तक कह दिया कि तुमने तो निगम को ब्लैकमेलिंग का अड्डा बना दिया था। अलीम ने भी पलटवार करते हुए कहा कि तुम पार्षदों के नेता बनने लायक नहीं हो। उनकी समस्या उठाने के बजाय महापौर के यहां जमा हो गए हो। हालांकि कांग्रेस पार्षदों की इस हरकत से महापौर भार्गव भी खासे नाराज हैं।