
इंदौर। केंद्र सरकार द्वारा तीन साल में सरकारी स्कूलों के बीच कराए जाने वाले नेशनल अचीवमेंट सर्वे की तैयारी स्कूलों द्वारा की जा रही है। इस बार सरकारी के साथ ही निजी स्कूलों को भी शामिल किया गया है। सर्वे के तहत 112 सीबीएसई, एमपी बोर्ड के निजी और सरकारी स्कूलों में परीक्षा होगी। सहोदय ग्रुप के चेयरमैन यूके झा ने बताया, केंद्र की टीम द्वारा शहर में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर को-ऑर्डिनेटर और आब्जर्वर नियुक्त किए है।
मौके पर चयन कर ली जाएगी परीक्षा
12 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए सीबीएसई के 26 स्कूलों को चिह्नित किया गया है। कक्षा तीन, पांच, आठ और दस के बच्चों की परीक्षा होनी है। इस दिन सभी बच्चों को बुलाया जाएगा। सभी की परीक्षा न लेते हुए टीम 30 बच्चों का मौके पर चयन कर परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए बच्चों से पिछले सर्वे में हुई परीक्षा के प्रश्न-पत्र हल कराए जा रहे हैं।
मालूम हो, नेशनल अचीवमेंट सर्वे के तहत तीसरी, पांचवीं, आठवीं और दसवीं के बच्चों का असेसमेंट किया जाता है। केंद्र सरकार द्वारा तीन साल में किया जाने वाला सर्वे करीब 1 लाख 10 हजार स्कूलों के बीच नवंबर में पूरा होना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा एनसीइआरटी के मापदंडों के तहत सर्वे कराया जाता है। इसके नतीजों को एनएएस स्कोर कहा जाता है।