Indore News : पेंट हाउस किराए पर देने के विवाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की हत्या। आरोपी पिता-पुत्र ने कार से कई लोगों को रौंदा। घटनाक्रम में दो लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर के लसूड़िया थाना इलाके में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां एक पेंट हाउस मालिक पिता-पुत्र ने आसपास के रहवासियों से विवाद के बाद इलाके की एक महिला इंजीनियर को कार से कुचलकर हत्या कर दी। जबकि कार की चपेट में आए दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
इलाके के एमआर-11 स्थित सागर टाउनशिप के समृद्धि एन्क्लेव में ये सनसनीखेज हत्याकांड हुआ है। इस दर्दनाक घटनाक्रम में इंफोसिस में कार्यरत एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला शंपा पाठक (पांडे) की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतका शंपा अपने पति सौरभ और दो मासूम बच्चों के साथ इसी महीने 13 मार्च को इस बिल्डिंग में रहने आई थीं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि, शुरुआती तौर पर सामने आया है कि, पूरा विवाद बिल्डिंग के पेंटहाउस के व्यावसायिक उपयोग को लेकर चल रहा था। आरोपी कुलदीप चौधरी और उसका बेटा सोसाइटी में दो पेंटहाउस का मालिक है। इन पेंटहाउस को वे एक एप के जरिए किराए पर देते हैं। बिल्डिंग के अन्य निवासी इसका कड़ा विरोध कर रहे थे, क्योंकि व्यावसायिक गतिविधियों के कारण बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही काफी बढ़ गई थी। रहवासियों के मुताबिक, इससे उनकी सुरक्षा और शांति भंग हो गई थी। रविवार को स्थानीय पार्षद ने भी मध्यस्थता कर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन उस दौरान भी कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।
बीती रात एक बार फिर, इसी मामले पर बिल्डिंग के रहवासियों और आरोपी पिता-पुत्र के बीच बहस हो गई, जिसने देखते ही देखते विवाद का ऐसा रूप धारण किया कि, दोनों आरोपी अपना आपा खो बैठे। गुस्से में भरे आरोपी ने अपनी कार स्टार्ट की और वहां खड़े लोगों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गए। ये भयावह मंजर जिस किसी ने भी देखा, उसकी चीखें निकल गईं। घटना के चलते मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल वहां पहुंचा और घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शंपा पाठक को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दो अन्य लोगों को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जो अब वायरल होने के साथ-साथ आरोपियों के कृत्य का मजबूत साक्ष्य बन गई है।
लसूड़िया पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही पिता और पुत्र दोनों फरार हैं। पुलिस प्रशासन ने उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इंदौर के रहवासी क्षेत्रों में फ्लैट, मकानों के व्यावसायिक उपयोग की लगातार शिकायतें आती रहती हैं। कई लोग एक से अधिक प्रॉपर्टी लेकर उसे किराए पर दे देते हैं या फिर वहां पर होटल, रेस्टोरेंट या हॉस्टल का संचालन करने लगते हैं। इससे आसपास के रहवासियों की प्राइवेसी बाधित होने के साथ साथ मुश्किलें बढ़ रही हैं। इंदौर में पढ़ने और नौकरी करने वाले स्टूडेंट्स और युवाओं को भी बिना किसी जांच पड़ताल के किराए की जगह दे दी जाती है जिससे कई बार वहां बड़े अपराध घटित हो जाते हैं। पुलिस लगातार इससे जुड़ी एडवाइजरी जारी करती है लेकिन इसके बावजूद प्रॉपर्टी ब्रोकर्स और प्रॉपर्टी का व्यवसाय करने वाले निरंकुश होकर रहवासी क्षेत्रों में नियम विरुद्ध कार्य करते रहते हैं।
ये भी पढ़ें