
Indore T 20 : इंदौर में आज भारत वेस्टइंडीज के बीच टी 20 मैच हो रहा है। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस ने पार्किंग प्लान और रूट मैप जारी किया है। एमपीसीए की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत पार्किंग पासधारी वाहनों के लिए अलग-अलग स्थल तय किए हैं। टिकट वाले दर्शकों के वाहनों की पार्किंग पंचम की फैल, एसजीएसआइटीएस मैदान और बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में रहेगी। स्टेडियम के पास पार्किंग की जगह सीमित होने से पुलिस ने दर्शकों से लोक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। इससे पहले जब भारतीय टीम एयरपोर्ट आई तो कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर की जुगलबंदी दिखी। अन्य खिलाड़ियों को होटल के लिए रवाना कर ये दोनों कार में एक साथ पिच का जायजा लेने स्टेडियम पहुंचे थे। इंडियन प्लेयर्स आज प्रेक्टिस करेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए जरूरी निर्देश
आमंत्रित अतिथियों को जारी पार्किंग पास वाहन की विंड स्क्रीन पर स्पष्ट रूप से चस्पा करना अनिवार्य है। पास पर संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। निर्धारित पार्किंग पास नहीं होने या पास पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं होने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पासधारी वाहन चालक निर्धारित प्रवेश मार्ग से ही आएं, ताकि वे अपने निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकें।
पी1 से पी4 - सांची पॉइंट से होते हुए स्टेडियम के उषाराजे गेट से प्रवेश, पी5- इंदौर टेनिस क्लब रोड साइड, पी6- खेल प्रशाल रोड साइड पार्किंग, पी7 -इंदौर टेनिस क्लब पार्किंग, पी8- खेल प्रशाल पार्किंग, पी9- बास्केटबॉल परिसर (मीडिया के दोपहिया वाहन भी), पी10- विवेकानंद स्कूल ग्राउंड (प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहन भी)
पासधारी और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के लिए विभिन्न मार्ग बंद रहेंगे। लेंटर्न चौराहे से जंजीरवाला चौराहे और इंडस्ट्रीज तक। घंटाघर से जंजीरवाला चौराहे और लेंटर्न चौराहे तक। पलासिया और घंटाघर से हाई कोर्ट होते हुए लेंटर्न चौराहे तक।
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फैल की ओर से आने वाले दर्शकों का प्रवेश जंजीरवाला चौराहे से होगा। लेंटर्न चौराहे की ओर से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम की तरफ जा सकेंगे। टिकटधारी दर्शकों के 3 पार्किंग दर्शकों के वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दर्शक अपनी दिशा के अनुसार संबंधित पार्किंग स्थल का उपयोग करें।
1-विजयनगर और मालवा मिल की ओर से आने वाले: पंचम की फैल पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। यहां से स्टेडियम तक पैदल जाना होगा।
2 - राजबाड़ा और मरीमाता की ओर से आने वाले: राजकुमार ब्रिज और एसजीएसआइटीएस तिराहे की ओर से निर्धारित मार्ग अपनाकर एसजीएसआइटीएस मैदान और बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में वाहन खड़े करेंगे।
3- पलासिया और भंवरकुआं की ओर से आने वाले: मधुमिलन, रीगल और शास्त्री ब्रिज के नीचे से निर्धारित मार्ग अपनाकर एसजीएसआइटीएस मैदान और बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में वाहन खड़े करेंगे।
भारत और वेस्टइंडीज की टीमें शनिवार को ही इंदौर आ गई थीे। दोनों टीमों के खिलाड़ी एयरपोर्ट से होटल पहुंच गए। दोनों टीमों ने प्रेक्टिस नहीं की। इंडियन कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस ने स्टेडियम जाकर पिच का जायजा लिया।