
मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर में पति द्वारा पत्नी की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। बता दें कि, शहर के चंदन नगर थाना इलाके में आने वाले जवाहर टेकरी में रहने वाले 50 वर्षीय भारत पटेल ने पत्नी 45 वर्षीय लक्ष्मी पटेल को लोहे की टॉमी और पेचकस से पीट पीटकर बेरहमी से मार डाला। बताया जा रहा है कि महिला का कसूर सिर्फ ये था कि वो अपने पति से शराब क सेवन छोड़ने का आग्रह किया करती थी।
बता दें कि पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गाड़ियों के गैरेज का संचालक है। गैरेज में वाहन सुधारने के इस्तेमाल में आने वाली टॉमी और पेचकस से आरोपी ने अपनी पत्नी की बेदर्दी से पीट पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद मामले को छुपाने के लिए उसने खुद ही 108 एंबुलेंस को बुलवाया। साथ ही महिला के घर वालों को फोन करके कहा कि 'तुम्हारी बहन मर चुकी है। इसे यहां से लेकर जाओ।'
यही नहीं, घटना में पुलिस केस बनने पर आरोपी ने पुलिस के घर पहुंचने से पहले वहां मौजूद हत्या के सबूतों को मिटाने की भी कोशिश की। फिलहाल, खुलासा होने पर इस पूरे मामले में चंदन नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भारत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच में जुटी चंदन नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी भारत पटेल शराब का आदि है। ऐसे में उसकी पत्नी हमेशा उससे शराब का सेवन छोड़ने का आग्रह किया करती थी। इसी बात पर आरोपी हमेशा उसपर विफर जाता था। कई बार उनके बीच विवाद भी होता था। मृतका के घर वालों के आरोप के मुताबिक, पहले भी इसी बात पर आरोपी पति महिला को बेरहमी से पीट चुका था। दोनों की शादी को करीब 30 साल हो चुके हैं। आरोपी की तीन बेटियां है, इसके बाद भी वो जमकर शराबखोरी करने का आदि है और इसी बात से रोकना उसे इतना नागवार गुजरा कि उसने अपनी पत्नी की जान ही ले ली। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।