
Indore Protest: फूटी कोठी फ्लाईओवर के पास लगने वाली सब्जी की दुकानों का विवाद बुधवार को उस समय बढ़ गया जब नगर निगम ने सब्जी वालों की दुकानों को उठवा लिया और सब्जी सड़कों पर फेंक दीं। इससे गुस्साए व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान व्यापारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम और पुलिस बल के साथ झूमा-झटकी होती रही। हंगामा करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया।
संत सेवालाल पुल यानी फूटी कोठी फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर लगने वाली सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई का विरोध पिछले चार दिन से चल रहा है। आज सुबह फूटी कोठी फ्लाईओवर की नीचे बोगदों में सब्जी की दुकानें लगने पर हटाने नगर निगम का रिमूवल अमला पहुंचा। यह देख व्यापारी भड़क गए और उन्होंने खुद ही सब्जी को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इसके साथ ही मौके पर कांग्रेसी पहुंच गए, जिसके बाद फ्लाईओवर के नीचे से सब्जी दुकानों को हटाने पर विरोध, विवाद और हंगामा शुरू हो गया। बावजूद इसके निगम रिमूवल अमले ने सख्ती से दुकानों को हटना शुरू कर दिया। इससे गुस्साई नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया और जब्त किया गया सामान वापस उतार लिया। काफी देर तक यह हंगामा चलता रहा।
दुकानों को हाटने की कार्रवाई की जानकारी लगते ही कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों के साथ कार्रवाई का विरोध करने लगे। इसके साथ ही निगम के खिलाफ सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। यह देख रिमूवल विभाग के अफसरों ने पुलिस बल बुला लिया। बोगदे के नीचे सब्जी की दुकानें न लगाने देने को लेकर विरोध, विवाद और हंगामा चलता रहा।
सर्विस रोड से सब्जी मंडी हटने पर क्षेत्रीय लोग खुश हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बिल्डिंग और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के समर्थन में बैनर-पोस्टर लगाए हैं, क्योंकि रोड पर से मंडी हटने पर ट्रैफिक की समस्या दूर हुई है।
सिंधी समाज के संत साधु टीएल वासवानी के संदेश के बाद 25 नवंबर को नो मीट डे मनाया जा रहा है। इस पर महापौर ने नो मीट डे मनाने की घोषणा करने के साथ आज के दिन मांस-मछली की दुकानें न खुलें इसको लेकर नगर निगम के अफसरों को निर्देश जारी कर दिए। निगम का अमला नो मीट डे के चलते मांस-मच्छली की दुकानें बंद कराने के लिए सुबह 8 बजे निकला और भोई मोहल्ला पहुंचा। जैसे ही अमले ने कार्रवाई करना शुरू किया, वैसे ही मछली पालक और भोई समाज के 300 से ज्यादा लोग विरोध में सड़क पर उतर आए। लोगों ने पहले सुभाष मार्ग और फिर निगम चौराहे पर चक्काजाम किया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। चक्काजाम से वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। यह देख पुलिस ने लोगों को समझा कर चौराहे से हटाया।
चक्काजाम करने के बाद उन्होंने निगम मुख्यालय के कंट्रोल रूम पर प्रदर्शन करने के साथ जमकर नारेबाजी की। सुबह 10 बजे तक प्रदर्शन करने के बाद सभी लोग विधायक गोलू शुक्ला के घर अपनी बात रखने पहुंचे। भोई समाज के अध्यक्ष दिनेश गौड़ ने कहा कि निगम सालभर का एक कैलेंडर जारी करता है। इसमें मांसमछली विक्रय न करने को लेकर सभी छुट्टियों का जिक्र रहता है। इस बार महापौर ने अपने विशेष अधिकार से ये घोषणा कर दी आज 25 नंवबर को सभी मास व मछली दुकानें बंद रहेंगी। इसके विरोध में ही चक्काजाम और प्रदर्शन कर निगम का घेराव किया गया है।