Indore Metro: इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों की खुदाई अभी शुरू नहीं हुई, लेकिन शेड, पेड़ कटाई और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान हैं। इस बीच मेट्रो अफसर आधुनिक मशीन देखने सिंगापुर-बैंकॉक दौरे की तैयारी में हैं।
MP News: इंदौर शहर में जगह-जगह मेट्रो (Indore Metro) के अंडरग्राउंड स्टेशन बनाने के लिए शेड लगाए गए हैं, लेकिन अभी खुदाई शुरू होने में करीब 3 महीने का समय लगेगा। धीमी गति से काम हो रहा है और लोग हलाकान है। इस बीच मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को सिंगापुर-बैंकाक भेजने की तैयारी है।
खुदाई के लिए आधुनिक मशीन (Underground Excavation Technology) देखने के लिए यह दौरा प्रस्तावित कर दिया है। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कई जगह पर शेड लगा दिए है। एयरपोर्ट के सामने पहला अंडरग्राउंड स्टेशन तैयार होगा, इसके बाद बीएसएफ परिसर में। यहां अभी से ही शेड डाल दिए गए, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर पेड़ भी काट दिए गए।
शहर के मध्य रानी सराय परिसर में भी शेड लगाकर सॉइल टेस्टिंग कराई जा रही है, यहां के पेड़ काटने की भी चर्चाएं है। अंडरग्राउंड ट्रैक का करीब 2100 करोड़ में ठेका दिया है। कंपनी के प्रतिनिधियों की देखरेख में सारा काम हो रहा है। पहले स्टेशन के लिए जनवरी में ही खुदाई शुरू होने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब इंतजार करना होगा। खुदाई की तैयारी है, लेकिन अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए किस टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) का इस्तेमाल होगा यह तय नहीं है।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को आधुनिक तकनीक की मशीन की तलाश में सिंगापुर-बैंकाक भेजने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार कंपनी इन अफसरों को विदेश भ्रमण कराएगी। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी एस. कृष्ण चैतन्य ने माना कि अफसरों को सिंगापुर, बैंकाक भेजा जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर पर 17 किमी हिस्से में मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए तेजी से काम चल रहा है। (MP News)