महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार सुबह से ही शहरभर की शिवालयों में ओम नम: शिवाय की गूंज रही। सुबह से शाम तक भोलेनाथ को जल चढ़ाने का सिलसिला चलता रहा। वहीं कई शिवालयों में भंडारे, अभिषेक, भजन, यात्राएं निकलती रही।
डॉ. आम्बेडकर नगर(महू).
महाशिवरात्रि पर्व पर शहर भर में जगह-जगह विभिन्न आयोजन हुए। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शहर के सबसे प्रसिद्ध चक्की वाले महादेव मंदिर मैं सुबह 5बजे से भक्तों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी, जो कि देर शाम तक जारी रही। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। शिवरात्रि के अवसर पर कार्बन मोहल्ला स्थित बिलेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की पालकी यात्रा निकाली गई। जिसमें आगे ऊंट घोड़े चल रहे थे। जिसके पीछे भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा और उनके पीछे एक रथ और इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण नृत्य करते हुए चल रहे थे। वही भगोरा स्थित आंबाझार मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही और यहां पर सुबह 10 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन शुरू किया गया जो कि देर शाम तक चलता रहा। जोशी मोहल्ले में शिवरात्रि महापर्व के अवसर पर शिव पार्वती परिवार की स्थापना की गई और उन्हें छप्पन भोग लगाया गया। इस दौरान आसपास के रहवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वहीं महू गांव के गायकवाड स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि के उपलक्ष में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।
निकली भव्य पालकी यात्रा
इधर चक्की वाले महादेव की पालकी यात्रा गोपाल मंदिर से शुरू हुई। शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए यात्रा चक्की वाले महादेव मंदिर पहुंची। जिसका शहर में कई जगह स्वागत भी किया गया। पालकी यात्रा में भोलेनाथ व बजरंगबली की वेशभूषा में तैयार होकर आए युवक आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा में भक्तगण बैंड - बाजे, ढोल- ताशे व डीजे की धुन पर थिरकते हुए चल रहे थे। देर रात को यात्रा चक्की वाले महादेव मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
शिव मंदिरों में दिन भर गूंजे भजन कीर्तन
मानपुर. महाशिवरात्रि पर शहर व ग्रामीण अंचल में शिव मंदिरों में भजन कीर्तन गूंजते रहे और शाम को नगर में भोलेनाथ की बारात निकाली गई। मानपुर के हरिहरेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से महिला व पुरुष श्रद्धालुओ का तांता लगा रहा। यहां भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद भगवान शिव को मेहंदी हल्दी लगाकर संगीत कार्यक्रम किया गया। शाम को नगर में भोलेनाथ की बारात निकाली गई। बारात नगर के प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी जिसका जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसी तरह जबरेश्वर महादेव मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर सहित ग्रामीण अंचल के शिव के मंदिरों में भजन कीर्तन कर भगवान शिव की शादी व शिवरात्रि पर्व का उत्साह नजर आया।