इंदौर

नीचे चंबल नदी, ऊपर डगमगाती रही स्कूल बस, महु में ट्रक की टक्कर से अटकी 35 बच्चों की सांसें

Chambal Bridge Accident : 35 बच्चों की सांसें अटकीं, टक्कर से बस का पिछला हिस्सा एक तरफ उठा, राहगीरों ने ट्रक रुकवाकर संभाली बस। मानपुर पुलिस ने ट्रक चालक का मेडिकल कराया, शराब सेवन की पुष्टि नहीं, चालक ने ब्रेक फेल होने की बात कही।
2 min read
Chambal Bridge Accident
चंबल पुलिया पर बच्चों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News : नीचे चंबल नदी और ऊपर संकरी पुलिया… इसी रास्ते से गुजर रही 35 बच्चों से भरी स्कूल बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि, बस का पिछला हिस्सा एक तरफ उठने लगा और बस नदी की ओर झुक गई। पुलिया पर डगमगाती बस को देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो बस नदी में समा जाएगी। इसी बीच आसपास मौजूद राहगीर मदद के लिए दौड़े और ट्रक रुकवाकर उसे पीछे करवाया। इससे बस को संभालने का मौका मिला और बड़ा हादसा टल गया।

घटना बुधवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर (महू) के अंतर्गत आने वाले हासलपुर में चंबल नदी की पुलिया पर हुई। डेफोडिल्स स्कूल की बस एमपी 09 जेडई 6461 महू से जानापाव कुटी होते हुए हासलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रक एमपी 09 एचएच 9675 ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान ट्रक बस के पिछले हिस्से से टकराता हुआ आगे की ओर घुस गया। टक्कर से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह एक तरफ झुकने लगी। नदी के ऊपर पुलिया पर बस की यह स्थिति देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला।

बस डगमगाई तो बच्चों की चीखों से गूंज उठी पुलिया

ट्रक की टक्कर के बाद बस का पिछला हिस्सा एक तरफ उठने लगा। बस में बैठे बच्चों को जब स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ तो चीख-पुकार मच गई। पुलिया पर बस के असंतुलित होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। राहगीरों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक चालक को रुकवाया और ट्रक पीछे करवाया। इसके बाद बस को संभालने का मौका मिला। समय रहते मदद नहीं मिलती तो बस चंबल नदी में गिर सकती थी।

हादसे की खबर मिलते ही बच्चों को तलाशने दौड़े परिजन

स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई। बस की पहचान होते ही बच्चों के परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित देखा तो उन्होंने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना के तरीके को लेकर परिजनों में नाराजगी भी रही। बच्चों से भरी बस के साथ हुई इस घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी।

ट्रक के ब्रेकडाउन की बात, चालक का मेडिकल कराया

सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी के अनुसार, ओवरटेक के दौरान ट्रक की बस से टक्कर हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई। चालक ने पूछताछ में ट्रक के ब्रेकडाउन होने के कारण अनियंत्रित होने की बात कही। उसका कहना था कि बस से टक्कर रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक बस के पिछले हिस्से से टकरा गया।

पुलिया पर ओवरटेक का जोखिम, सुरक्षा पर सवाल

चंबल नदी की पुलिया पर हुई घटना ने भारी वाहनों की ड्राइविंग और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिया जैसे संवेदनशील स्थान पर ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर में बस नदी में पलट सकती थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया और ट्रक चालक तथा प्रबंधन के बीच आपसी सहमति से मामला निपटा लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया था।

Updated on:
14 Oct 2026 08:58 pm
Published on:
14 Oct 2026 08:58 pm