
वीमेंस एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026, फोटो सोर्स (Photo Source- patrika)
Asian Champions Trophy 2026: राजा भोज की धरती पर अजेय हमारी बेटियों ने तिरंगा लहराकर दिल जीत लिया। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में जीत की हैट्रिक बनाने के बाद हर कोई झूम उठा, स्टेडियम के हर कोने से यही आवाज आई बेटियों हमें तुम पर गर्व है। यह ऐसी जीत है जो सालों तक भोपालवासियों की जेहन में जिंदा रहेगी और बेटियों के खेल कौशल की धमक राजधानी को प्रेरित करेगी। जीत के बाद की शालीनता दिल जीते लेने वाली रही। भारतीय खिलाड़ियों के जज्बे और तालमेल ने ऐसा पांसा पलटा कि लगातार तीसरी चैम्पियनशिप जीत भारत की झोली में आ गई। सीटी बजने के साथ ही मैदान में ऊर्जा का जो संचार हुआ, वह अंतिम क्षण तक कायम रहा। तो हजारों दर्शकों ने बेटियों का हौसला बढ़ाया।
इस जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को एक करोड़ की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। राज्य सरकार टीम की हर महिला खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपए और सपोर्टिंग स्टाफ को ढाई-ढाई लाख रुपए देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के रोमांचक फाइनल मुकाबले में चीन को पराजित करने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय टीम की सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत ने चीन को यह मुकाबला 3-1 से हराया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रोम-रोम में रोमांच का अनुभव हो रहा है। हमारी बेटियों ने शानदार मैच खेला है। इन्होंने वास्तव में अद्भुत खेल का प्रदर्शन किया है। ऐसा लग रहा है मानो हमारा वही पुराना स्वर्णिम युग फिर से लौट आया हो। वही आनंद, वही उत्साह और वही रोमांच एक बार फिर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं अपनी ओर से भारतीय टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख, पूरी टीम को 1 करोड़ की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करता हूं, ताकि हमारी बेटियां इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे भी खेलती रहें। देश का नाम रोशन करें और नई ऊंचाइयां प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मैं टीम के प्रत्येक सहयोगी स्टाफ सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा करता हूं।
खेल शुरु होते ही स्टैंड्स में तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। मैच शुरू होने से पहले ही पूरा परिसर तिरंगे के रंग में रंग गया और हर कोने से उत्साह की लहर उठती दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का जोश गैलरी में हर पीढ़ी एक साथ जुड़ी नजर आई। नन्हे प्रशंसकों की मासूम चीयरिंग से लेकर बुजुर्गों की अनुभवी तालियों तक, हर कोई अपनी टीम का हौसला बढ़ाने के लिए मौजूद था।
एक गोल से पिछड़ने के बावजूद भारतीय खिलाडियों के चेहरे पर कोई हताशा नहीं दिखी। तेज रफ्तार, जुझारूपन और सटीक रणनीति के दम पर टीम ने पलटवार किया और बता दिया कि मैदान पर असली काम कैसे बोलता है। हर पास और हर मौके पर तालियों की गडगड़ाहट ने खिलाडियों में नई जान फूंक दी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 12:59 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 12:58 PM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़




