
चोइथराम मंडी के व्यापारी के साथ ऑनलाइन वारदात (फोटो सोर्स: Chatgpt)
Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर में सायबर ठगोरों ने एक व्यापारी को क्रिप्टो करेंसी में भारी मुनाफे का झांसा दिया और 12.78 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे दिया। आरोपी ने उन्हें वॉट्स एप लिंक और चैटिंग के जरिए विश्वास में लिया और अलग - अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से राशि ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी थाना राजेंद्र नगर पुलिस का कहना है कि, ठगी की वारदात कारोबारी शेखर पिता दयाशंकर पाटीदार निवासी ग्राम तिल्लोरखुर्द के साथ 13 मार्च को दोपहर को हुई है। उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि, चोइथराम मंडी में उनकी दुकान नंबर 293 है। उनके मोबाइल पर एक वॉट्सएप नंबर से लिंक आई थी। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद चैटिंग में अज्ञात व्यक्ति ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने की योजना बताई और निवेश करने पर भारी मुनाफा होने की बात कही थी।
फरियादी ने बताया कि, आरोपी के झांसे में आकर अलग - अलग ट्रांजेक्शनों के जरिए रकम निवेश कर दी थी, लेकिन बदले में न तो कोई रिटर्न मिला और न ही मूल राशि वापस आई। इस तरह अज्ञात आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी में मुनाफे का झांसा देकर कुल 12 लाख 78 हजार 760 रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे दिया।
वहीं, शिकायत की पुष्टि करने के बाद पुलिस ने आइटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से संदिग्ध नंबर, लिंक और बैंक खातों की पड़ताल में जुट गई है।
वहीं, एक अन्य मामला जेलरोड पर स्थित एक मोबाइल शॉप से सामने आया, जहां दुकान पर आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचा और मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना एमजी रोड पुलिस के अनुसार, फरियादी विक्की पिता लक्ष्मणदास वाधवानी निवासी पाश्र्वनाथ नगर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। फरियादी की जेलरोड पर मन मार्केटिंग नाम से दुकान है। फरियादी को कर्मचारी संजय ने जानकारी दी कि दुकान पर दो ग्राहक आए थे। उन्हें मोबाइल फोन दिखा रहा था। इसी दौरान मौका पाकर एक अज्ञात आरोपी मोबाइल फोन चुरा कर ले गया। पुलिस दुकान व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 1:54 PM IST
Published on:
28 Nov 2026, 1:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़

