
इंदौर। यहां धीरे-धीरे आवासीय मकानों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जाने लगा है। खासकर बिना अनुमति संचालित हो रहे हॉस्टलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते कॉलोनी का रहवासी माहौल प्रभावित हो रहा है। जिन गलियों में कभी परिवारों की आवाजाही और बच्चों की खेलकूद दिखाई देती थी, वहां अब देर रात तक हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में कौन आ रहा है और कौन जा रहा है, इसकी जानकारी तक नहीं रहती। इससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रहवासियों के मुताबिक, हॉस्टलों की बढ़ती संख्या के कारण कॉलोनी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। देर रात तक विद्यार्थियों की आवाजाही, तेज गति से वाहन चलाना, बार-बार तेज हॉर्न बजाना और सडक़ों पर बेतरतीब पार्किंग आम समस्या बन गई है। स्थिति यह है कि घरों में रहने वाले परिवारों को शांति से रहना मुश्किल हो रहा है। बच्चों को घर के बाहर खेलने में परेशानी होती है। वहीं, पढ़ाई के नाम पर यहां रहने वाले कुछ बच्चों की गतिविधियों को लेकर भी रहवासियों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि कुछ विद्यार्थी नशाखोरी जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहते हैं और गार्डन में बैठकर देर तक समय बिताते हैं।
रहवासी नीरज परिहार ने बताया कि सेवा सरदार कॉलोनी मूल रूप से आवासीय क्षेत्र है, लेकिन यहां लगातार मकानों का उपयोग हॉस्टल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि पहले एक-दो हॉस्टल दिखाई देते थे, लेकिन अब इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई मकानों में विद्यार्थियों को कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि इनमें से कई हॉस्टल बिना अनुमति संचालित हो रहे हैं। इससे कॉलोनी की मूल आवासीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है। एक मकान में रहने वाले परिवारों की जगह बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की आवाजाही होने लगी है। इससे न केवल शांति भंग हो रही है, बल्कि कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रहवासी सीतश जोशी ने बताया कि हमे सबसे बड़ी चिंता कॉलोनी में लगातार बढ़ती अनजान लोगों की आवाजाही है। हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों का देर रात तक आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में कॉलोनी के लोगों को यह पता नहीं चल पाता कि कौन व्यक्ति किस मकान में आ रहा है और कितनी देर तक रुक रहा है। रहवासियों का कहना है कि आवासीय कॉलोनी में रहने वाले परिवारों के लिए यह स्थिति असहज है। खासकर घरों में अकेली रहने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। पहले जहां आसपास रहने वाले परिवार एक-दूसरे को पहचानते थे, वहीं अब बाहरी लोगों की संख्या बढऩे से कॉलोनी का परिचित माहौल भी बदल रहा है।
रहवासी राकेश ठाकुर ने बताया कि हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए दोपहिया वाहनों का उपयोग भी बढ़ गया है। रहवासियों का आरोप है कि कई वाहन चालक कॉलोनी की गलियों में तेज गति से वाहन चलाते हैं। इतना ही नहीं, देर रात तक तेज हॉर्न बजाने से घरों में रहने वाले लोगों की नींद प्रभावित होती है। कॉलोनी की सडक़ें मुख्य मार्ग नहीं, बल्कि आवासीय गलियां हैं, जहां बच्चों और बुजुर्गों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद वाहन चालक गति पर नियंत्रण नहीं रखते। इससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। रहवासियों का कहना है कि बच्चों को घर के बाहर खेलने के लिए भेजने में भी डर लगता है। वाहन चालकों की लापरवाही के कारण गलियां बच्चों के खेलने लायक नहीं रह गई हैं।
कॉलोनी में बने गार्डन भी अब रहवासियों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि हॉस्टलों में रहने वाले कुछ विद्यार्थी गार्डन में बैठकर लंबे समय तक समय बिताते हैं। पढ़ाई के लिए हॉस्टल में रहने वाले कुछ बच्चों की गतिविधियां भी सवालों के घेरे में हैं। रहवासियों का कहना है कि कुछ विद्यार्थी नशाखोरी जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहते हैं। इससे आसपास रहने वाले परिवारों और बच्चों पर गलत प्रभाव पडऩे की आशंका बनी रहती है। गार्डन का उपयोग कॉलोनी के बच्चों और परिवारों के लिए होनाचाहिए, लेकिन बाहरी लोगों के जमावड़े के कारण रहवासी सहज महसूस नहीं करते। इस मामले में नियमित निगरानी और कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों के वाहनों की पार्किंग भी कॉलोनी की बड़ी समस्या बन गई है। रहवासियों के मुताबिक, कई वाहन सडक़ पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। इससे गलियां संकरी हो जाती हैं और दूसरे वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। कई बार घरों के सामने तक वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। यदि रहवासी वाहन हटाने के लिए कहते हैं तो कुछ लोग विवाद करने लगते हैं। ऐसे में रहवासी अपनी ही कॉलोनी में असहज महसूस करते हैं। उनका कहना है कि घर के सामने वाहन खड़े होने से आवागमन प्रभावित होता है, लेकिन विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। इससे आपसी सौहार्द भी प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने लगातार बढ़ते व्यावसायीकरण और बिना अनुमति संचालित हो रहे हॉस्टलों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। आरोप है कि जिम्मेदारों की ओर से नोटिस पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई खास बदलाव दिखाई नहीं दे रहा। रहवासियों का सवाल है कि जब हॉस्टलों के संचालन को लेकर शिकायतें लगातार मिल रही हैं तो केवल नोटिस जारी करने से क्या हासिल होगा? क्या इनकी अनुमति, संचालन की शर्तों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच नहीं होनी चाहिए? यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित संचालकों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही?
1 आवासीय क्षेत्र में बिना अनुमति हॉस्टल संचालित हो रहे हैं तो अब तक उन पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
2 शिकायतों के बाद केवल नोटिस जारी करने के बजाय संचालन की जांच और नियमों का पालन सुनिश्चित क्यों नहीं कराया जा रहा?
3 हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनकी गतिविधियों की निगरानी की क्या व्यवस्था है?
4 कॉलोनी की सडक़ों पर बेतरतीब पार्किंग और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण कौन करेगा?
5 गार्डन में होने वाली गतिविधियों और नशाखोरी के आरोपों की जांच कब होगी?
वैसे तो पुर्व में भी कई बार जिम्मेदारों की शिकायत पर नोटिस दिए है, लेकिन अब उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई है। उसका पता लगाकर कार्रवाही कराते है।
विजय लक्ष्मी गौहर, पार्षद
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 1:31 PM IST
Published on:
28 Nov 2026, 1:31 PM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़


