
इंदौर. सडक़ की मरम्मत के नाम पर जिम्मेदार हर बार गड्ढे में गिट्टी डालकर खानापूर्ति कर देते हैं, लेकिन स्थायी सुधार नहीं किया जाता। बारिश के दिनों में जहां लोगों को कीचड़ और जलजमाव से जूझना पड़ता है, वहीं बारिश खत्म होने के बाद अब धूल के गुबार ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिनभर उड़ती धूल के कारण दुकानदारों को काउंटर और दुकानों की सफाई 8 से 10 बार करनी पड़ती है। कई लोगों को धूल के कारण एलर्जी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ निर्माण को लेकर कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिलता है।
रहवासी राकेशस चौरसिया ने बताया कि पंचमूर्ति नगर की सडक़ करीब 25 साल पुरानी है। पिछले पांच साल से इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं और कई हिस्सों में डामर पूरी तरह उखड़ गया है। इस मार्ग पर पिछले पांच साल से पेंचवर्क तक नहीं किया गया। जिम्मेदारों को शिकायत करने पर गड्ढे में गिट्टी डाल दी जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। इनके गुजरने पर धूल के गुबार उड़ते हैं। शाम के समय दुकानों में बैठना तक मुश्किल हो जाता है।
रहवासी आयुष जाधव ने बताया कि पंचमूर्ति नगर की कई गलियों में करीब तीन महीने पहले नर्मदा पाइपलाइन बिछाने के लिए सडक़ की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने के बाद जिम्मेदारों ने सडक़ का सुधार कार्य नहीं कराया। इसके चलते गलियों में गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते बने हुए हैं। यहां से दोपहिया और चारपहिया वाहन निकालने में परेशानी होती है। कई बार सडक़ पर वाहन खड़े होने से आवागमन बाधित हो जाता है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। इस दौरान वाहन चालकों और रहवासियों के बीच विवाद की नौबत भी आ जाती है। खुदाई के बाद सडक़ को पूर्व स्थिति में लाना निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
रहवासी गोपाल सोनोने ने बताया कि क्षेत्र की बड़ी समस्या पुरानी ड्रेनेज लाइन है। यहां करीब 20 साल पुरानी ड्रेनेज लाइन बिछी हुई है, जो आए दिन चोक हो जाती है। इसके कारण घरों में गंदे पानी की रिवर्स आने की समस्या बनती है। ड्रेनेज लाइन की समस्या को लेकर भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ स्थानों पर ड्रेनेज से जुड़ी समस्या को गिट्टी और अन्य सामग्री डालकर दबाने का प्रयास किया गया है। इससे समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ गई है।
रहवासियों ने बताया कि पंचमूर्ति नगर में पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं है। यहां अधिकांश गलियों में बोरिंग के माध्यम से पानी की पूर्ति की जाती है। कुछ घरों में पुरानी लाइन से पानी पहुंचता है, लेकिन अधिकांश परिवारों को बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ता है। करीब तीन महीने पहले कई गलियों में नर्मदा पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब तक उससे जलप्रदाय शुरू नहीं हुआ है। पाइपलाइन बिछाने के बाद भी नियमित सप्लाई की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। कुछ गलियों में पाइपलाइन का काम हुआ है, जबकि मुख्य मार्ग के हिस्सों में भी व्यवस्था अधूरी बताई जा रही है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि जब पाइपलाइन बिछा दी गई है तो नर्मदा जल की सप्लाई कब शुरू होगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 9:14 AM IST
Published on:
28 Nov 2026, 9:14 AM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़




