28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Indore / सिंडर टेक्निक से खिल रही गुलाबों रंग-बिरंगी बगिया

सिंडर टेक्निक से खिल रही गुलाबों रंग-बिरंगी बगिया

इंदौर के यूथ और विमेंस आधुनिक टेक्नोलॉजी से घरों में सजा रहे गुलाबों की अनेक किस्में और मौसमी फूल
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

इंदौर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 1:41 PM IST

Madhya Pradesh News

इंदौर। शहर में टैरिस और होम गार्डन में टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। गुलाब की खूबसूरती के लिए अब मिट्टी जरूरी नहीं। घर की छत, बालकनी और टैरिस पर गुलाबों की ऐसी बगिया तैयार हो रही है, जहां पौधों की जड़ें जमीन की मिट्टी के बजाय सिंडर में पनप रही हैं। शहर के यूथ और विमेंस बागवानी के इस आधुनिक तरीके को अपनाकर अलग-अलग रंगों, आकार और खुशबू वाले गुलाबों के साथ मौसमी फूलों का खूबसूरत संसार बसा रहे हैं। यह तकनीक परंपरागत गार्डनिंग से अलग है। इसमें पौधों की वृद्धि और पोषण को बहुत अधिक नियंत्रित किया जा सकता है।

टैरिस और घर के आंगन सिंडर तकनीक अपनाने वाले विमेंस और यूथ ने बताया कि सिंडर आधारित बागवानी में सामान्य मिट्टी का उपयोग नहीं किया जाता है। पौधे को सहारा देने के लिए सिंडर यानी छिद्रयुक्त, पत्थर जैसा माध्यम गमले में भरा जाता है। इसमें मौजूद छोटे छिद्र जड़ों तक हवा पहुंचाने में मदद करते हैं, जबकि अतिरिक्त पानी आसानी से निकल जाता है। जड़ों को जरूरी पोषण मिट्टी से नहीं, बल्कि पानी में घुले पोषक तत्वों के माध्यम से दिया जाता है। इस पद्धति को सब्सट्रेट आधारित हाइड्रोपोनिक्स (माध्यम में पौधे उगाने की जल-पोषण तकनीक) कहा जाता है।

पानी का पीएच स्तर जांचना जरूरी

इस टेक्निक में पौधों की जरूरत के अनुसार नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम यानी एनपीके के साथ सूक्ष्म पोषक तत्वों का संतुलन बनाए रखा जाता है। पानी का पीएच स्तर भी नियमित जांचना होता है, ताकि जड़ें पोषक तत्वों को सही तरीके से ग्रहण कर सकें। इसमें पानी देने का अंदाज, खाद की मात्रा और पौधों की स्थिति पर नजर रखना महत्वपूर्ण है। कम जगह में गार्डन तैयार करने वालों के लिए यह पद्धति उपयोगी है, लेकिन इसे अपनाने के लिए तकनीकी समझ और नियमित देखरेख जरूरी है।

गुलाबों की वैरायटी से सजा रंगों का संसार

इस तरह की बगिया में गुलाब की कई प्रजातियों और किस्मों को जगह दी जा रही है। हाइब्रिड टी, फ्लोरिबंडा, मिनिएचर, क्लाइंबर और इंग्लिश रोज श्रेणी के पौधे फूलों की विविधता बढ़ाते हैं। मिस्टर लिंकन, डबल डिलाइट, पीस, ब्लैक बकारा, आइसबर्ग, क्वीन एलिजाबेथ, ब्लू मून और जूलिया चाइल्ड जैसी किस्में रंग, आकार और खुशबू के लिए पसंद की जाती हैं। कहीं गहरे लाल और वाइन रंग के फूल हैं, तो कहीं पीच, पीले, सफेद और गुलाबी शेड्स अपनी छटा बिखेरते हैं।

प्रकृति का व्यक्तिगत कोना बन रहे गार्डन

यूथ और विमेंस के लिए यह केवल पौधे लगाने का शौक नहीं, बल्कि अपने घर में प्रकृति का एक निजी कोना बनाने का प्रयास है। सुबह खिलती कलियों को देखना, प्रूनिंग करना, नई किस्मों को आजमाना और फूलों की तस्वीरें सहेजना उनके खाली समय को रचनात्मक बना रहा है। मिट्टी से अलग यह तकनीक अब छतों पर फूलों की ऐसी दुनिया रच रही है, जहां हर गुलाब अपने रंग से घर और मन दोनों को महका रहा है।

किसी रोमांच से कम नहीं मेरा गार्डन

जब मैंने इस टेक्निक के विषय में समझा, तो बहुत अच्छा लगा। हालांकि गुलाब के साथ ही फूलों के पौधों को कई अन्य माध्यमों से भी गार्डन में लगाया जाता है, लेकिन इस तरह से एक ही पौधे में 15-20 फूलों का लगना किसी रोमांच से कम नहीं है। मेरे टेरिस गार्डन में एक साथ कई अलग-अलग वैराइटी के साथ ही गुलाब के भी कई फूल के पौधे लगाए है।

-शिखर टुडेंले, गुलाब प्रेमी, टैरिस गार्डनर।

खाद और कीटनाशक के साथ पानी के टीडीएक्स को समझना महत्वपूर्ण

इस तकनीक में यदि आप सिर्फ गुलाब का पौधा लगा रहे है, तो इन्हें दिए जाने वाले पानी में टीडीए का स्तर 150 के आसपास होना चाहिए, जो इंदौर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के पानी में है। इसके साथ ही इन पौधों को नियमित खाद दी जानी चाहिए, जो पोषण के लिए जरूरी है। इन्हें दो तरह के कीटनाशकों की जरूरत होती है, पहले बचाव के लिए और दूसरे कीटों के लगने के बाद। इन्हें शाम के समय ही दिया जाना बेहतर होता है। मैंने इस तकनीक को दिल्ली के हाईकोर्ट अधिवक्ता राहुल कुमार से सीखा और इंदौर में लोगों को सीखा रही हूं।

-डॉ. सबरीना जाफरी, सिंडर गार्डर्निंग एक्सपर्ट।

सिंडर से खिलने वाले मौसमी फूल

-पेटूनिया।

-पैंसी।

-कैलेंडुला।

-डहलिया।

-डायन्थस।

-फ्लॉक्स।

-स्नैपड्रैगन।

-स्वीट पी और एलिसम ।