
Indore news: दीपावली का त्योहार आते ही साइबर अपराधियों ने ठगी शुरू कर दी है। अब उनके निशाने पर केवल बड़े कारोबारी या नौकरीपेशा लोग ही नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवार भी हैं। रोशनी के त्योहार पर घर की बिजली गुल होने का डर दिखाकर लोगों के बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं। बिजली बिल बकाया होने और तत्काल भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने का मैसेज भेजकर लोगों को फर्जी लिंक पर क्लिक कराया जा रहा है। शहर में इस तरह की कई शिकायतें साइबर हेल्पलाइन पर पहुंची हैं।
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के साथ भी इसी तरह ठगी हुई। युवक के मोबाइल फोन पर मैसेज आया कि बिजली का बिल बकाया है और भुगतान नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। दीपावली के दौरान घर में अंधेरा होने की आशंका से युवक घबरा गया। उसने मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक कर बकाया बिल जमा करने की प्रक्रिया शुरू की।
भुगतान के लिए उसने अपनी बैंक संबंधी जानकारी भी दर्ज कर दी। इसके कुछ देर बाद ही उसके खाते से 2-2 हजार रुपए करके रकम कटने लगी। देखते ही देखते उसके बैंक खाते से रुपए निकल गए। युवक ने साइबर हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। इसी तरह की अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं। साइबर एक्सपर्ट प्रोफेसर गौरव रावल के मुताबिक दीपावली के दौरान ज्यादातर नौकरीपेशा लोगों के खातों में सैलरी के साथ बोनस की रकम भी पहुंचती है। साइबर अपराधी इसी मौके का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर लोगों में डर और पैदा की जाती है ताकि वे बिना जांच किए लिंक खोलें और बैंकिंग जानकारी साझा कर दें। ऐसे मामलों में थोड़ी सी लापरवाही खाते में जमा पूरी रकम गंवाने की वजह बन सकती है।
यदि खाते से रुपए निकल जाएं तो तत्काल बैंक को सूचना देकर खाते और यूपीआइ को सुरक्षित कराएं। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही संदिग्ध मैसेज, लिंक, मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।